भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का हुआ स्थानांतरण, एनएच-18 पर जामडीह आरओबी के संचालन का रास्ता साफ
जामडीह आरओबी पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के सम्मानजनक स्थानांतरण के बाद एनएच-18 पर वाहनों का आवागमन जल्द शुरू ...और पढ़ें

जामडीह आरओबी के एक लेन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
HighLights
जामडीह आरओबी का एक लेन जल्द होगा चालू।
एनएच-18 पर जाम से मिलेगी स्थायी निजात।
संसू, नीमडीह । राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (पुराना एनएच-33) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है।
जामडीह रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के पास सड़क किनारे स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का सम्मानजनक स्थानांतरण कर दिया गया है।
इसके साथ ही आरओबी के एक लेन का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। एनएच-18 के प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिलीप पात्रा ने बताया कि आगामी एक पखवाड़े के भीतर जामडीह आरओबी के एक लेन पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर के अनुसार, नवंबर के अंत तक पितकी में दूसरे लेन को भी पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, श्यामनगर और जामडीह आरओबी के दूसरे लेन पर अगले साल जनवरी तक आवागमन शुरू होने की उम्मीद है।
इन सभी आरओबी के दोनों लेन शुरू होने के बाद घोड़ानेगी से चास मोड़ तक नवनिर्मित सड़क पर सुगम यातायात बहाल हो जाएगा, जिससे चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
जामडीह में आरओबी के परिचालन को लेकर धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा के स्थानांतरण को लेकर पेंच फंसा हुआ था।
स्थानीय ग्रामीण प्रतिमा को दूसरी जगह ले जाने पर सहमत तो थे, लेकिन उनकी मांग थी कि इसे पूरी प्रतिष्ठा के साथ भव्य चबूतरा और छत बनाकर स्थापित किया जाए।
प्रशासन और परियोजना अधिकारियों के सहयोग से अब यह बाधा दूर कर ली गई है, जिससे आरओबी संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
चांडिल-पुरुलिया रेलखंड पर स्थित जामडीह रेलवे फाटक ट्रेनों के गुजरने के दौरान बार-बार बंद होता है। फाटक बंद होते ही एनएच-18 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
इस लंबे जाम का सबसे बुरा असर एंबुलेंस में सफर कर रहे मरीजों और परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों पर पड़ता था। आरओबी के पूरी तरह चालू हो जाने से इस गंभीर समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने स्वीकार किया कि कुछ प्रशासनिक व अन्य कारणों से परियोजना में थोड़ा विलंब हुआ है, लेकिन अब निर्माण कार्यों में तेजी लाकर चरणबद्ध तरीके से इसे पूरा किया जा रहा है।
