झारखंड के चाकुलिया की जयश्री साहू मिसेज इंडिया के फाइनल में Jamshedpur News
Mrs India. पूर्वी सिंहभूम जिले के कालापाथर गांव से निकल कर मुंबई में सौंदर्य का परचम लहराया। जमशेदपुर शहर के कदमा निवासी शुभमय साहू से शादी हुई है।
चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), [पंकज मिश्रा]। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के कालापाथर गांव की जयश्री साहू मिसेज इंडिया प्राइड ऑफ द नेशन सीजन तीन प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई हैं। फिलहाल दिल्ली में रहकर प्रतियोगिता की तैयारी कर रही हैं। आठ सितंबर को गुरुग्राम में फाइनल प्रतियोगिता होगी। जयश्री कालापाथर गांव के अपूर्व पाल और मीना पाल की सबसे छोटी बेटी हैं। उनका जन्म 23 जुलाई 1989 को हुआ था।
जयश्री के साथ उनका जुड़वा भाई अभिषेक भी पैदा हुआ था। उससे बड़ी दो बहन सोमा व तनुश्री हैं। गांव के स्कूल से प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद जयश्री ने मानुषमुडिय़ा उच्च विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा पास की। इसके बाद चाकुलिया के मनोहर लाल इंटर कॉलेज से इंटर की पढ़ाई की। वर्ष 2007 में उनकी शादी जमशेदपुर के कदमा निवासी श्यामसुंदर साहू के पुत्र शुभमय साहू से हो गई। शादी के बाद जयश्री के पति कारोबार के कारण मुंबई चले गए। वहां पहुंचने के बाद जयश्री के अरमानों को पंख लग गए।
उन्होंने इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स किया। इस बीच उनकी नजर एक दिन मिसेज इंडिया प्राइड ऑफ द नेशन सीजन तीन प्रतियोगिता पर पड़ी। उन्होंने भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। जयश्री को ऑडिशन के लिए बुलावा आया। देश भर से आए प्रतियोगियों के बीच जयश्री अपनी प्रतिभा एवं सौंदर्य के कारण चयनित हो गईं।