विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jagran Dandiya: अमेरिका और ताजिकिस्तान में आवाज का जादू बिखेर चुकीं सुस्वाति मलिक साकची में पेश करेंगी म्यूजिकल फ्यूजन

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:15 PM (IST)

दैनिक जागरण द्वारा जमशेदपुर के साकची स्थित धालभूम क्लब में 'जागरण डांडिया' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें ...और पढ़ें

कोलकाता संगीत जगत का जाना-माना नाम बन चुकीं सुस्वाति मलिक जागरण डांडिया का मुख्य आकर्षण होंगी।

कोलकाता संगीत जगत का जाना-माना नाम बन चुकीं सुस्वाति मलिक जागरण डांडिया का मुख्य आकर्षण होंगी।

HighLights

  1. धालभूम क्लब, साकची में 'जागरण डांडिया' का भव्य आयोजन।

  2. अंतरराष्ट्रीय गायिका सुस्वाति मलिक देंगी संगीतमय प्रस्तुति।

  3. पारिवारिक माहौल में कड़ी सुरक्षा के बीच उत्सव।

जासं, जमशेदपुर। शारदीय नवरात्र के उल्लास को दोगुना करने के लिए दैनिक जागरण पूरी तरह तैयार है। शहर के साकची स्थित ऐतिहासिक धालभूम क्लब में गुरुवार शाम साढ़े छह बजे से 'जागरण डांडिया' का भव्य शंखनाद होगा। 
 
इस बहुप्रतीक्षित आयोजन में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी आवाज का जादू बिखेर चुकीं मशहूर गायिका सुस्वाति मलिक के तरानों पर पूरा शहर झूमने को आतुर है। 
 
मां भवानी की आराधना और काठ की डंडियों की खनक के बीच धालभूम क्लब का प्रांगण सुर, ताल और लय की एक अद्भुत त्रिवेणी में तब्दील हो जाएगा।
 
कोलकाता संगीत जगत का जाना-माना नाम बन चुकीं सुस्वाति मलिक इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगी। देश की सीमाओं को पार कर अमेरिका और ताजिकिस्तान जैसे देशों में अपनी मखमली आवाज का जादू चला चुकीं सुस्वाति की गायकी बेहद बहुआयामी है। 
 
वे बॉलीवुड के सदाबहार गीतों, आधुनिक पेपी ट्रैक्स, रेट्रो मेलोडी और ठेठ पारंपरिक गरबा व बांग्ला धुनों का ऐसा शानदार मिश्रण पेश करती हैं, जो हर उम्र के श्रोताओं को थिरकने पर मजबूर कर देता है। 
 
उनके लाइव बैंड की धुनों पर जब डांडिया की ताल गूंजेगी, तो लौहनगरी का माहौल पूरी तरह से उत्सव के रंग में रंग जाएगा।
 
दुर्गा पूजा सिर्फ देवी की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक आनंद का भी प्रतीक है। जागरण डांडिया इसी भावना को साकार करने का एक प्रयास है। 
 
यह आयोजन शहरवासियों के लिए एक ऐसा साझा आंगन है, जहां युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ती है। पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों, केडिया और चनिया-चोली में सजे लोग जब एक साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे, तो क्लब परिसर की आभा देखते ही बनेगी।
 
आयोजन को पूरी तरह से पारिवारिक, गरिमामय और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना आमंत्रण पास के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। 
 
मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आयोजन दीर्घा तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। जाम से बचने और शहरवासियों की सहूलियत के लिए वाहनों की पार्किंग के लिए अलग से विस्तृत जगह तय की गई है, ताकि लोग बेफिक्र होकर उत्सव का पूरा आनंद ले सकें।