पूजा स्थल पर दुर्गा पूजा करने की मनाही ठीक नहीं Jamshedpur News
काशीडीह स्थित ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब के संरक्षक अभय सिंह ने कहा कि प्रशासन सार्वजनिक पूजा स्थल पर दुर्गा पूजा नहीं मनाने के लिए कह रहा है जो ठीक नहीं है।
जमशेदपुर (जासं) । काशीडीह स्थित ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब के संरक्षक अभय सिंह ने कहा कि प्रशासन सार्वजनिक पूजा स्थल पर दुर्गा पूजा नहीं मनाने के लिए कह रहा है, जो ठीक नहीं है। यह व्यवहारिक भी नहीं है कि जहां बरसों से पूजा हो रही है, उस स्थान को सूना छोड़ दिया जाए। अभय सिंह ने कहा कि यह तो हमने अप्रैल में ही निर्णय ले लिया था कि भव्य पंडाल नहीं बनाया जाएगा। तीन फुट की प्रतिमा रहेगी।
दो पुजारी ही पूजा करेंगे और पूजा कमेटी के 50 सदस्य शारीरिक दूरी रखते हुए शामिल होंगे। मेला-ठेला नहीं लगेगा। मूर्ति विसर्जन का भी जुलूस नहीं निकलेगा। जब पूजा समितियों ने इतने सारे निर्णय खुद ले लिए हैं तो पूजा स्थल पर पूजा करने की मनाही करके प्रशासन धार्मिक आस्था वह परंपरा को ठेस ना पहुंचाए। झारखंड सरकार ने भी नियम-शर्तों के साथ मंदिर खोलने की अनुमति दी है।