भारतीय ठेका मजदूर संघ ने की देशव्यापी धरना-प्रदर्शन की घोषणा Jamshedpur News
भारतीय मजदूर संघ की इकाई भारतीय ठेका मजदूर संघ की दो दिवसीय संपूर्ण राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन शुक्रवार को हुआ।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। केंद्र सरकार ने वार्ता के लिए नहीं बुलाया तो ठेकाकर्मी संघ की ओर से देशव्यापी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा। यह निर्णय भारतीय मजदूर संघ की इकाई, भारतीय ठेका मजदूर संघ की दो दिवसीय संपूर्ण राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन दिवस पर लिया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में शुरू हुई थी। अखिल भारतीय ठेका मजदूर संघ के राष्ट्रीय प्रभारी विरेंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार फिक्स टर्म इम्प्लाईमेंट सहित श्रम कानून में ऐसे-ऐसे बदलाव कर रही है, जिससे ठेकाकर्मियों का अहित होगा। केंद्र सरकार इसके जरिए पूंजीपतियों का ठेका कर्मचारियों के शोषण का अधिकार दे रही है। इस मुद़दे पर सरकार ने वार्ता के लिए नहीं बुलाया जो 26 जनवरी के बाद देशव्यापी धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय महामंत्री बृज बिहारी शर्मा ने कहा कि औद्योगिक मंदी स्वत: नहीं बल्कि पूंजीपतियों द्वारा पूर्व नियोजित है। इससे वे तीन हित साध रहे हैं। पहला, स्थायी कर्मचारियों की छटनी कर वहीं काम कम कीमत पर ठेका श्रमिकों से कराना। दूसरा, ब्लॉक क्लोजर कर उनका आधा वेतन काटना और तीसरा, मंदी दिखाकर केंद्र सरकार से सब्सिडी को हासिल करना है।
वहीं, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन विभिन्न राज्यों से आए प्रभारियों को तीन मंत्र दिया। इसमें संगठन का विस्तार करना, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और तीसरा संगठन का ध्रुवीकरण शामिल है। दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन तय किया गया कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ किस तरह से संगठन की ओर से आंदोलन शुरू किया जाए। बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिसा, गुजरात, मणिपुर, विदर्भ, हरियाणा, केरल से भी संघ के सदस्य पहुंचे हुए हैं।