India vs West Indies T20: 5 अक्टूबर से शुरू होगी टिकटों की बिक्री, जेएससीए ने तय किए नियम; जानिए कैसे बुक करें टिकट
रांची में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकट 5 और 6 अक्टूबर को ऑनलाइन व स्टेडियम ...और पढ़ें

क्रिकेट प्रेमी इस बहुप्रतीक्षित मैच के लिए 5 और 6 अक्टूबर को टिकट खरीद सकेंगे।
HighLights
9 अक्टूबर को रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबला।
टिकट बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को ऑनलाइन व काउंटर पर।
एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट मिलेंगे, कालाबाजारी पर रोक।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। रांची के जेएससीए (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम में आगामी 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
क्रिकेट प्रेमी इस बहुप्रतीक्षित मैच के लिए 5 और 6 अक्टूबर को टिकट खरीद सकेंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन और स्टेडियम काउंटर दोनों माध्यमों से टिकट बिक्री का प्रबंध किया गया है।
काउंटर से सुबह 9 बजे से मिलेंगे टिकट
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के मानद सचिव सौरभ तिवारी ने बताया कि धुर्वा स्थित स्टेडियम परिसर के पश्चिमी छोर पर विशेष टिकट काउंटर बनाए जा रहे हैं।
इन काउंटरों से सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक टिकटों की बिक्री होगी (दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक भोजनावकाश रहेगा)। टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट ही दिए जाएंगे।
धोनी के गृह मैदान पर फिर लौटेगा क्रिकेट का बुखार
दर्शक ऑनलाइन माध्यम से 'district.in' पोर्टल के जरिए भी टिकट बुक कर सकते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के गृह मैदान रांची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।
इससे पहले जेएससीए स्टेडियम में फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट और जनवरी 2023 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी-20 मैच आयोजित किया गया था।
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले के लिए जेएससीए प्रबंधन ने सुरक्षा, दर्शक दीर्घा और फ्लड लाइट्स की पुख्ता व्यवस्था शुरू कर दी है।
