शाम को बारिश ने बढ़ाई कनकनी, चार तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर Jamshedpur News
बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के बाद बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण शहर और आसपास के क्षेत्र में वर्ष के दूसरे दिन गुरुवार की शाम बारिश हुई।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्र्कुलेशन के बाद बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण शहर और आसपास के क्षेत्र में वर्ष के दूसरे दिन गुरुवार की शाम बारिश हुई। इस दौरान सर्दी के सितम से लोग परेशान रहे। दिन में सूरज निकला, लेकिन सर्दी से राहत नहीं दे सका।
आसमान में बादलों की आवाजाही से सर्दी असर दिखाती रही। हवा ने भी ठंड के प्रकोप को और बढ़ाने का काम ही किया। सूरज और बादलों की लुकाछिपी के बीच बच्चे छुट्टी होने की वजह से खेल में व्यस्त नजर आए। सुबह और शाम के समय लोग अलाव तापते दिखे। इससे पहले साल के पहले दिन बुधवार को शहर और आसपास के क्षेत्र में कड़ाके की ठंड रही। शीतलहर और कड़ाके की सर्दी ने लोगों को परेशान कर रखा है।
24 घंटे में 3.6 डिग्री उछला तापमान
लगातार नीचे की ओर चला जा रहा तापमान भी नए वर्ष में ऊपर आता दिखा। बीते रोज की अपेक्षा यह कुछ ऊपर की ओर चढ़ा। मौसम में बदलाव की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। बीते वर्ष के अंतिम दिन जहां शहर का तापमान अधिकतम 24.9 और न्यूनतम 7.8 था, वहीं नववर्ष के दूसरे दिन तापमान अधिकतम 25.6 और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। इस दौरान शहर की आद्र्रता अधिकतम 89 और न्यूनतम 47 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अब शहर का तापमान घटने लगेगा।
दिन में डराते रहे बादल, शाम को बरसे
आसमान पर सुबह से शाम तक कई बार छाए बादलों ने आमजन को डराया। बादलों की अठखेलियां से सूरज भी बीच-बीच में गायब होते रहे। वहीं शाम ढलने के बाद बादल बूंदे बनकर बरस पड़े। बारिश के बाद कड़ाके की ठंड ने लोगों को परेशान किया। ऐसे में बादलों के छाए रहने से आने वाले दिनों में बारिश और बूंदाबांदी के आसार नजर आने लगे हैं।
आज और कल बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्र्कुलेशन के बाद तीन जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसका असर तीन व चार जनवरी को रह सकता है। विभाग के अनुसार चार जनवरी तक कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पांच और छह जनवरी को कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान सर्दी फिर से अपना जोरदार अहसास कराएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आठ जनवरी को शहर और आसपास के क्षेत्र में एकबार फिर मौसम करवट बदलेगा। आठ को भी बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्र्कुलेशन के बाद तीन जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसका असर तीन व चार जनवरी को रह सकता है। पांच जनवरी से इसका कम होने लगेगा। इसके बाद सर्दी बढ़ सकती है।
एसटी कोटाल, निदेशक, मौसम केंद्र, रांची