बिष्टुपुर में छात्रा से मोबाइल गोलमुरी में युवती से पर्स की छिनतई Jamshedpur News
आपसे कब कहां छिनतई हो जाय कह नही सकते। घटना से परेशान पुलिस थाना में शिकायत लेकर आने वाले को फटकार भी लगा दे रही है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। झपट्टामार मोबाइल, पर्स और चेन छिनतई करने वाले गिरोह का आतंक जारी है। मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार गिरोह के दो सदस्यों ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र कान्वेंट स्कूल के सामने को-आपरेटिव कॉलेज की छात्रा खुशबू कुमारी से उस समय मोबाइल छिनतई कर ली जब वह कॉलेज की ओर जा रही थी। वह बागबेड़ा की रहने वाली है।
घटना के बाद वह रोती रही। सूचना पर टाइगर मोबाइल के जवान पहुंचे। छात्रा से मामले की जानकारी ली। छिनतई करने वालों का अता-पता नहीं चला। दूसरी ओर गोलमुरी टिनप्लेट चौक के पास युवती चुमकी दास से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स की छिनतई कर ली। पर्स में रुपये और मोबाइल था। घटना 16 मार्च की शाम की है। अज्ञात के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
16 दिन मेें छिनतई की घटना में एक महिला की जा चुकी जान, एक हो गई घायल
वह दिन दूर नही जब पुलिस पर्स, मोबाइल व चेन पहनकर सड़कों से गुजरने वाली महिलाओं से यह आग्रह भी कर बैठे कि कृपया कर चेन, मोबाइल एवं पर्स अपने साथ नही रखे। कारण उचक्कों की हरकतों पर लगाम नही लगा सकते। आपसे कब कहां छिनतई हो जाय कुछ नही कर सकते। घटना से परेशान पुलिस थाना में शिकायत लेकर आने वाले को फटकार भी लगा दे रही है।
महिला और युवती एक तो छिनतई के शिकार हो रही ऊपर से थाने में घटना को बयां करते-करते मानसिक परेशानी झेल रही है। विशेषकर टेल्को, गोलमुरी, साकची, बिष्टुपुर, कदमा सोनारी में 15 दिनों से यही हो रहा है। गोलमुरी की महिला भुवनेश्वरी की तो छिनतई की घटना में गिरने के कारण जान भी चली गई।
बिष्टुपुर के पॉश इलाके सर्किट हाउस एरिया में पांच मार्च को छिनतई में वह बाइक से गिर गई थी। सिर में गंभीर चोट लगी। टीएमएच में मौत हो गई। रविवार को टेल्को में महिला से बदमाशों ने छिनतई की। खींचतान में महिला गिरने के कारण घायल हो गई। अस्पताल में दाखिल है। 16 दिन में छिनतई की 10 घटना शहर के विभिन्न थाना क्षेत्र में हो चुकी है।