Jamshedpur News : सड़क दुर्घटना में घायल होने वालों को पहुंचाएं अस्पताल, मिलेंगे पुरस्कार और प्रमाण पत्र
जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना में घायल होने वालों को समय पर अस्पताल पहुंचाने से उनकी जिंदगी बच सकती है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। आपको झारखंड सरकार की निर्धारित पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र भी मिलेंगे।
जमशेदपुर : सड़क दुर्घटना में घायल होने वालों को समय पर अस्पताल पहुंचाने से उनकी जिंदगी बच सकती है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। आपको झारखंड सरकार की निर्धारित पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र भी मिलेंगे। इसके लिए लोगों को जागरूक किए जाने को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालासा) के सचिव नीतिश निलेश सांगा ने मंगलवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया जिसमें डालसा से जुड़े सदस्य शामिल हुए। सचिव ने कहा कि झारखंड सरकार ने दुर्घटना से संबंधित मामलों को लेकर पॉलिसी की घोषणा की है।
इसकी जानकारी देते हुए नीतिश निलेश सांगा ने बताया राज्य में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मृत्यु दर अधिक है सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की जीवन रक्षा तथा अंग की हानि कम करने को प्रारंभिक 60 मिनट का उपचार सर्वाधिक प्रभावी होती है जिसके लिए घायल व्यक्तियों को निकटवर्ती अस्पताल में ले जाना अति आवश्यक है। आम नागरिक पुलिस के सवाल जवाबों और कानूनी प्रक्रिया में उलझनों के डर से अस्पताल पहुंचाने की इच्छा रहने के बावजूद भी वे प्रयास नहीं करते हैं। इसके लिए अब आम नागरिकों को प्रोत्साहित तथा जागरूक करने की आवश्यकता है। अब घायल व्यक्तियों को ले जाने नागरिक पुलिस को अपनी पहचान बताने के लिए बाध्य नहीं कर सकती है। मरीज को अस्पताल में पहुंचाने के बाद में अनावश्यक रोका नहीं जा सकता है। सवाल-जवाब के क्रम में पुलिस द्वारा संज्ञान भी नहीं लिया जाएगा| सभी निजी और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र, अस्पताल कानूनी रूप से सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों के इलाज के लिए बाध्य होंगे। डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों, सरकारी कर्मचारियों को जिम्मेदारी है कि सड़क पर पड़े दुर्घटना से जख्मी व्यक्ति को तुरंत सहयोग करें। ऐसे नेक नागरिकों को सरकार की ओर से घोषित निर्धारित पुरस्कार राशि के साथ जिला उपायुक्त और जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे।