जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआइएससीई) की ओर से आइएससी 12वीं तथा आइसीएसई 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। साथ ही परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 21 फरवरी 2024 से 28 मार्च 2024 तक तथा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 12 फरवरी 2024 से 3 अप्रैल 2024 तक संपन्न होगी। परीक्षार्थी दोनों कक्षाओं के परीक्षा कार्यक्रम बोर्ड के अधिकृत वेबसाइट cisce.org पर देख सकते हैं।
परीक्षा की टाइमिंग
आईसीएसई बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर अंग्रेजी भाषा विषय का होगा जिसका आयोजन 21 फरवरी 2024 को किया जाना है। अंतिम पेपर कला पेपर 4 होगा जिसका आयोजन 28 मार्च 2024 को किया जायेगा। कला विषय के अलावा सभी विषयों का पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न करवाया जायेगा।
वहीं, आर्ट्स का पेपर सुबह 9 बजे से आयोजित होगा। इसी प्रकार आइएससी यानि 12वीं कक्षा की परीक्षा की शुरुआत इंग्लिश लैंग्वेज पेपर 1 से होगी जिसका आयोजन 12 फरवरी 2024 को किया जायेगा। अंतिम पेपर पर्यावरण विज्ञान पेपर 1 का होगा जिसका आयोजन 3 अप्रैल 2024 को किया जाना है।
12वीं की परीक्षाओं का आयोजन
12वीं की परीक्षाओं का आयोजन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक किया जायेगा। दोनों ही कक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय प्रदान किया गया है। मालूम हो कि जमशेदपुर में 40 से अधिक सीआइएससीई के स्कूल हैं। इन स्कूलों में दसवीं के 5000 तथा 12वीं के 4 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए 33 परीक्षा केंद्र बनाये गये है।