प्रेमिका संग मिलकर पत्नी को मार डाला, ऐसे सामने आई सच्चाई
जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर में एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से वारकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या का कारण दूसरी लड़की से प्रेम संबंध बताया गया है।
जमशेदपुर/आदित्यपुर,जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के मुख्यालय जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद जो शुरुआती तथ्य सामने आए हैं, वे हलकान करने के वाले हैं। महिला की हत्या गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर की गई। हत्या की वजह महिला के पति का किसी लड़की से प्रेम संबंध मानी जा रही है। आशंका है कि प्रेमिका के साथ मिलकर पति ने पत्नी की हत्या का तानाबाना बुना और हत्या कर दी।
दरअसल, विद्युत नगर में मंगलवार की देर रात मिट्ठू रानी महतो नामक 35 वर्षीय महिला की हत्या हो गई। पुलिस को महिला के पति नवीन ने ही सूचना दी और बताया कि वह काम कर घर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी लहूलुहान पड़ी है। तहकीकात की तो पाया कि उसकी सांसें थम चुकी हैं। उसने पुलिस को बताया कि वह जमशेदपुर के मद्रासी होटल में काम काम करता है। मंगलवार को रात करीब घर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई है। हालांकि, वह शक के घेरे में इस वजह से आ गया कि घर पहुंचने के दो घंटे बाद पुलिस को सूचना दी। शक के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह खुला राज
पुलिस का शक और पुख्ता हो गया जब मृतका के पिता सामने आए और नई कहानी बताई। उन्होंने बताया कि उनके दामाद का एक लड़की से संबंध है और दोनों ने मिलकर ही मिठू रानी की हत्या की है। मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इससे पूर्व सूचना के तत्काल बाद एसपी चंदन सिन्हा, एसडीपीओ अविनाश कुमार, मुख्यालय डीएसपी अपनी टीम के साथ पहुंचे।
दो बच्चे रहते नाना के घर
मृतका के पिता कमलाकांत महतो की माने तो दामाद नवीन महतो व उसकी प्रेमिका ने ही उनकी बेटी की हत्या की है। वे बताते हैं कि पांच वर्षो से नवीन का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग था। जिसके चलते घर में बराबर विवाद होता था। इस विवाद के कारण ही नवीन के दो बच्चे पुरूलिया में अपने नाना के घर पर रहकर पढ़ाई करते हैं।