दिन में मोबाइल के लिए पत्नी से हुआ झगड़ा, रात में पति की हो गई मौत
मृतक की मां निवेदिता व पिता ने अपनी बहू संजू गिरी व उसके भाई अमित पातर पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है।
जमशेदपु (जेएनएन)। पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के शालबनी गांव के जितेंद्र नाथ गिरी के 28 वर्षीय पुत्र प्रणव कुमार गिरी उर्फ राणा की सोमवार को मौत हो गई। मृतक की मां निवेदिता व पिता ने अपनी बहू संजू गिरी व उसके भाई अमित पातर पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। एसडीपीओ रणवीर ¨सह, गालूडीह थाने के एएसआइ अब्दुल रहीम खान, सत्येन्द्र ¨सह, अजय पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन व ग्रामीणों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, प्रणव की पत्नी का बयान स्पष्ट नहीं है। संजू को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। परिजन द्वारा लगाए गए आरोप के बाद संजू के बड़े भाई अमित पातर ने थाने में खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है। उससे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। मृतक के परिजन के अनुसार, संजू गिरी नाबालिक है। 9वीं में पढ़ाई के दौरान ही प्रणव से प्रेम विवाह कर ली। संजू गिरी ने पुलिस को बताया कि प्रणव गिरी व उसमें एक वर्ष से प्रेम संबंध था। चार सितंबर को दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। शादी में भाई व मां को छोड़कर अन्य रिश्तेदार शामिल हुए थे। रविवार को सास-ससुर इलाज कराने पश्चिम बंगाल के पोलासी गांव गए थे। रात करीब 8.30 बजे प्रणव उसे चाचा ससुर के घर से बुलाकर लाया। दोनों छत पर सो गए।
दोनों में कोई खास बातचीत नहीं हुई। दोपहर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। रात 10 बजे जब वह बाथरूम के लिए उठी तो देखा कि पति छत की सीढ़ी पर बेसुध पड़ा है। संजू ने चाचा ससुर मृत्युंजय गिरी को आवाज लगाई। पति को गालूडीह निरामय हेल्थ केयर ले गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति की मौत कैसे हुई। शरीर पर जख्म कैसे आए। इस संबंध में उसे कुछ नहीं पता। मृतक की मां के अनुसार, पति व पत्नी के बीच झगड़े की मुख्य वजह मोबाइल फोन पर बात करना था। कुछ दिन से संजू गिरी किसी से फोन पर बात करती थी। पति को यह पसंद नहीं था। इसी को लेकर हमेशा दोनों में झगड़ा होता रहता था। इसी बात को लेकर घटना के दिन झगड़ा हुआ था। पति ने फोन को तोड़ दिया था। मृतक के पिता व माता का बुरा हाल है। मां बार-बार बेहोश हो जा रही है। पिता ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे का प्रेम विवाह एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा गांव निवासी स्व.बादल पातर की पुत्री से हुई। विवाह के कुछ दिन बाद से बहू के भाई अमित पातर बेटे व उन्हें हत्या की धमकी दे रहा था। उसके डर से शादी के दो दिन बाद ही वे पश्चिम बंगाल अपने ससुराल चले गए। 15 दिन बाद नरगा गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया गए। जहां बहू के भाई ने दोस्तों के साथ धमकी दी। गांव के कई लोगों से उन्होंने इस बात का जिक्र किया था। आरोप लगाया कि बहू और उसके भाई ने मिलकर बेटे की हत्या की है। हत्या के दिन बेटा-बहू को छोड़कर घर में कोई और नहीं था। कहा कि मेरा एक ही पुत्र था, जो बुढ़ापा का सहारा था। वहीं मां निवेदिता ने कहा कि बुढ़ापे का सहारा नहीं रहा। रणवीर ¨सह, एसडीपीओ, घाटशिला ने कहा कि प्रणव गिरी की मौत निश्चित तौर पर संदेहास्पद है। परिवार द्वारा लगाए गए आरोप के आधार पर पत्नी को हिरासत में लिया गया है। जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।