छात्र-कर्मचारी कितने संतुष्ट, एनआइटी करा रहा सर्वे ; ये रही खास वजह
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देश पर एनआटी सर्वे करा रहा है कि छात्र-कर्मचारी कितने संतुष्ट हैं। इसके आधार पर रैंकिंग मिलेगी।
By Rakesh RanjanEdited By: Published: Sat, 24 Aug 2019 03:38 PM (IST)Updated: Sat, 24 Aug 2019 03:38 PM (IST)
जमशेदपुर, जासं। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) की ओर से ऑनलाइन सर्वे कराया जा रहा है। इससे यह पता चल सके कि छात्र व कर्मचारी संस्थान से कितने संतुष्ट हैं। इसके लिए विभिन्न बिंदुओं पर ऑनलाइन सर्वे फार्म सबमिट करने को कहा गया है। यह सर्वे केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देश पर कराया जा रहा है। देशभर के तकनीकी संस्थानों के साथ एनआइटी के प्रति संतुष्टि की रैकिंग जारी की जाएगी।
अनिवार्य गतिविधि में किया गया शामिल
एनआइटी ने इस अभियान को अनिवार्य गतिविधि में शामिल किया है। संस्थान के टीईक्यूआइपी- टू के समन्वयक डॉ. एके चौधरी की ओर से नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया कि ऑनलाइन वेब आधारित सैटिसफेक्शन सर्वे संस्थान के प्रदर्शन का पैमाना है। इसकी शुरुआत विगत आठ अगस्त से शुरू कर दी गई थी और 22 अगस्त तक पूरा कर लिया जाना था। हालांकि अंतिम तिथि एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई है। छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों की ओर से ऑनलाइन अपने विचार विंदुवार रखे जा रहे हैं। खास बात यह रही कि इस वेब आधारित सर्वे को इंटरनेट वाले किसी भी डिवाइस से किए जाने की सुविधा दी गई।
छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों ने अलग-अलग लिया भाग
इस ऑनलाइन सर्वे में छात्र-छात्राओं के लिए अलग व कर्मचारियों के लिए अलग तरह के फार्मेट तैयार किए गए थे। यूजी, पीजी व पीएचडी के छात्रों ने एक फार्मेट में तो फैकल्टी व कर्मचारियों ने दूसरे फार्मेट में इस सर्वे के तहत अपने विचार पोस्ट किए।
एनपीआइयू करेगा संस्थान के प्रदर्शन का निर्धारण
यह ऑनलाइन सर्वे केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट (एनआइपीयू) को सबमिट की जा रही है। विभिन्न तकनीकी संस्थानों के साथ ही एनआइटी के प्रति छात्रों व शिक्षक-कर्मचारियों के संतुष्टि के स्तर का अध्ययन कर उसकी रैंकिंग एनआइपीयू की ओर से करीब छह महीने बाद जारी की जाएगी।
एक सप्ताह का बढ़ाया गया समय
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से सभी फैकल्टी, अधिकारी, कर्मचारी व छात्र-छात्राओं से संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं पर सर्वे कराने का निर्देश था। हालांकि इसकी अवधि आठ से लेकर 22 अगस्त तक थी लेकिन एक सप्ताह का समय बढ़ाया गया है। करीब 80 फीसद सर्वे का काम पूरा हो चुका है। बाकी जल्द ही हो जाएगा। सर्वे के आधार पर संस्थान की रैंकिंग एनआइपीयू की ओर से जारी की जाएगी।
- डॉ. एके चौधरी, को-ऑर्डिनेटर टीईक्यूआइपी-2
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें