जमशेदपुर में उपायुक्त के समक्ष गृह रक्षकों ने किया प्रदर्शन, मांगा न्याय
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार को तीन सूत्री मां
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार को तीन सूत्री मांगों के समर्थन में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान एसोसिएशन ने अकारण सेवा मुक्त होमगार्ड जवानों की विभाग में अविलंब वापसी सुनिश्चित करने, समान काम का समान वेतन देने और सभी होमगार्ड जवानों की ड्यूटी साल भर सुनिश्चित करने की मांग की गई। एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय प्रसाद ने सरकार से सभी गृह रक्षकों की ड्यूटी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी नहीं मिलने के कारण गृह रक्षक रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन में जिला सचिव सुदर्शन प्रसाद गुप्ता ने कहा कि न्यायालय के साथ भारत सरकार के गृह विभाग ने समान काम का समान वेतन देने की निर्देश दिया है, लेकिन होमगार्ड के जवानों पर यह निर्देश लागू नहीं किया गया है। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी ने किया। इस अवसर पर हाथों में तिरंगा लिए जिले के पुरुष व महिला गृह रक्षक शामिल हुए। जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी ने कहा कि होमगार्ड पुलिस की भरपूर मदद करते हैं, लेकिन सबसे उपेक्षित हैं। इन्हें सम्मानजन कुछ भी नहीं मिल रहा है। जीवनयापन के लिए विवश होने के कारण अपमान का घूंट पीकर ये नौकरी करने को लाचार हैं। यदि ये पुलिस का साथ न दें तो विधि व्यवस्था की समस्या खड़ी हो जाएगी।
मौके पर केंद्रीय महिला अध्यक्ष रामेश्वरी कालिंदी, प्रदेश महासचिव सुरेश कुमार, प्रमंडलीय अध्यक्ष भोगान हांसदा, प्रमंडलीय सचिव विनय कुमार सिंह, राजू कुमार ओझा, वृंदावन टुडू, रजनीश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, पंकज कुमार झा, योगेंद्र शर्मा, पार्वती नाग, मीरा राय, विपीन बिहारी महतो, अमित मिश्रा, अवधेश कुमार सिंह, अखिलेश ओझा, मनीष कुमार, रामनारायण दूबे, राजकरण कुमार सिंह समेत कई गृह रक्षक शामिल हुए।