विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिंडाल्को और IDTR के बीच समझौता, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर; ITI और डिप्लोमा स्तर की मिलेगी ट्रेनिंग

Published: Fri, 09 Oct 2026 09:44 PM (GMT+05:30)

हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड और इंडो डेनिश टूल रूम जमशेदपुर ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु समझौता किया है।

समझौता पत्र के साथ हिंडाल्को इंडस्ट्रीज तथा आईडीटीआर के अधिकारी।(जागरण)

 समझौता पत्र के साथ हिंडाल्को इंडस्ट्रीज तथा आईडीटीआर के अधिकारी।(जागरण)

HighLights

  1. हिंडाल्को और आईडीटीआर जमशेदपुर ने कौशल विकास हेतु समझौता किया।

  2. युवाओं, कर्मचारियों के बच्चों को डिप्लोमा, आईटीआई प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. यह पहल रोजगार के अवसर बढ़ाएगी, तकनीकी दक्षता प्रदान करेगी।

संवाद सहयोगी, गम्हरिया। युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मुरी और इंडो डेनिश टूल रूम जमशेदपुर के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ।

इस समझौते के तहत कंपनी के कर्मचारियों, उनके बच्चों तथा संबंधित क्षेत्र के युवाओं को डिप्लोमा एवं आईटीआई स्तर का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

उक्त समझौते पर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से प्लांट हेड संदीप पाटिल एवं एचआर हेड प्रमोद कुल्हड़ ने हस्ताक्षर किए जबकि आईडीटीआर जमशेदपुर की ओर से महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार, मार्केटिंग मैनेजर अंजन कुंडू तथा प्रशिक्षण प्रबंधक डॉ. रामबाबू वर्मा ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए।

उपरोक्त जानकारी देते हुए आईडीटीआर के जीएम रवीन्द्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना तथा उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके रोजगार एवं करियर विकास की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी है, जो एल्युमिना एवं उससे संबंधित विशिष्ट उत्पादों के निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी द्वारा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, कौशल विकास को प्रोत्साहित करने तथा उद्योग एवं प्रशिक्षण संस्थान के बीच सहयोग को मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह समझौता शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।

यह भी पढ़ें- RINL और NMDC का SAIL में हो सकता है विलय, पीएमओ और इस्पात मंत्रालय को भेजा गया प्रस्ताव