Jamshedpur school Van accident : टेल्को में तेज रफ्तार कार ने स्कूली वैन को मारी टक्कर, पलटा वैन, एक दर्जन बच्चे हुए घायल, एक गंभीर
टेल्को लोयोला स्कूल से बच्चों को लेकर स्कूली वैन को एक क्रेटा कार ने जोरदार टक्कर मारी। इस घटना में स्कूली वैन पलट गई और एक दर्जन बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सात बच्चों का इलाज चल रहा है।
जासं, जमशेदपुर : टेल्को के सात नंबर रोड के समीप एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली वैन को टक्कर मार दी। इस कारण वैन अनियंत्रित हो गया और वह पलट गई। इस वैन में टेल्को लोयोला स्कूल के 12 बच्चे सवार थे। इस दुर्घटना में घायल सभी 12 बच्चे घायल हुए। टक्कर मारने के बाद क्रेटा कार भाग गई। इस कार का नंबर जेएच 01 इवी - 6466 है। स्थानीय लोगों ने इस गाड़ी का पीछा किया, लेकिन पकड़ाई में नही आई। इस घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेता सुजीत सिंह मौके पर पहुंचे। स्कूली वैन में उनकी बेटी भी सवार थी। घटनास्थल पर पहंचकर उन्होंने अन्य साथियों को भी इस बारे में सूचित किया। सभी बच्चों को टाटा मोटर्स के अस्पताल में लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सात बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें से एक की हालात गंभीर बताई जा रही है।
क्रेटा कार की आगे की बोनेट हुई डैमेज
अभिभावक सह भाजपा नेता सुजीत सिंह ने बताया कि इस घटना के बाद क्रेटा कार की आगे की बोनेट डैमेज हुई है। पुलिस को भी इस बारे में जानकारी दी गई है। बच्चों के अनुसार कार बहुत तेज रफ्तार से थी। पुलिस से मांग की गई है कि वे कार को खोजकर यह पता लगाएं कि यह कार किसकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे अभिभावक
घटना की जानकारी मिलते ही टाटा मोटर्स अस्पताल में अभिभावकों का जमावड़ा लग गया। बच्चों से अभिभावकों ने घटना की जानकारी ली। उपरवाले काे धन्यवाद दिया कि सभी बच्चे सुरक्षित है, जो बच्चा गंभीर है उसके भी स्वस्थ्य होने की प्रार्थना अभिभावकों ने की है। स्कूल प्रबंधन भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों एवं उनके अभिभावकों घटना को लेकर जानकारी ली तथा चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया।