Weather Alert : तेज हवा संग होगी बारिश, ठनका से रहे बच के Jamshedpur News
Weather Alert.मौसम का मिजाज आज यानी गुरुवार को बिगड़ा रहेगा। तेज हवा के साथ बारिश होगी। इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है।
जमशेदपुर, जेएनएन। Weather Alert मौसम का मिजाज आज यानी गुरुवार को बिगड़ा रहेगा। तेज हवा के साथ बारिश होगी। इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में आपको सावधान रहना जरूरी है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में बताया गया है कि झारखंड के पश्चिम सिंहभूम तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के कुछ भागों में अगले 2 से 3 घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान जमकर बादल गरजेंगे और 30-40 से ज्यादा किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। वज्रपात भी होने की संभावना है।
हालांकि, पिछले कई दिनों से तपिश से परेशान जमशेदपुर और आसपास के लोगों ने बुधवार की शाम मौसम के करवट लेने से राहत की सांस ली थी। दिन में चिलचिलाती धूप बाद दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा था। धूल भरी आंधी के साथ मौसम के करवट बदली थी। आंधी शुरू होते ही गैर कंपनी इलाकों में बिजली गुल हो गई जो देर शाम तक बहाल नहीं हुई। शाम ढलते ही गरज के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। तेज हवा ने राहत पहुंचाई। हवा का झोंका इतना तेज था कि कई दुकानों के छप्पर उड़ गए। एम्फन तूफान के बाद तीखी धूप और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था। दिन के साथ रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने लोग गर्मी से परेशान थे। रात को घरों में उमस ज्यादा रहने से भी लोग बैचन थे। देखते ही देखते थोड़ी देर में ही मेघ गर्जन और बारिश की रफ्तार तेज हो गई। झमाझम बारिश होने से लोगों को तपिश झेलने के बाद ठंडक महसूस हुई।
बदला रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले छह दिनों यानी दो जून तक मौसम का मिजाज बदला हुआ ही रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी होगी। शहर और आसपास के क्षेत्र में गुरुवार को भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके बाद दो जून तक रोज गरज के साथ बारिश होने, बिजली चमकने और वज्रपात होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को फिर चूभती गर्मी से परेशान नहीं होना पड़ेगा।
इस साल पहली बार 42 पर तापमान
लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बुधवार को जमशेदपुर शहर का अधिकतम तापमान इस वर्ष के सर्वाधिक अंक पर था। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 42.0 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। गर्मी के इस सीजन में अधिकतम तापमान पहली बार 42.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। सूरज की चुभती धूप लोगों को बेचैन कर रखा था। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष मई माह का अधिकतम तापमान अब भी 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है।