Weather Update Jamshedpur : दिन में रात का नजारा,जमकर आंधी-बारिश; जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज Jamshedpur News
Weather Update Jamshedpur. कोल्हान के तीनों पूर्वी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में अचानक तेज हवा के झोंको के साथ बादल गरजे और जमकर बारिश हुई।
जमशेदपुर, जेएनएन। Weather Update Jamshedpur पसीने से तर-बतर करने वाली धूप देखते ही देखते गायब हो गई और हवा के तेज झोकों के साथ गरजकर डरा रहे बादल बरसने लगे। दिन में रात का नजारा देख लोग सहम गए और सुरक्षित स्थान पर आश्रय लेने को विवश हुए। हवा के तेज झोंंके कई पेड़ों को जमींदोज कर गए।
रविवार को दिन के चार बजे के बाद कोल्हान के तीनों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में अचानक तेज हवा के झोंको के साथ बादल गरजे और जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही वज्रपात के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई थी। यह हालात अगले सप्ताह भी बने रहेंगे। इसकी वजह मध्य प्रदेश में बना सरकुलेशन बताया गया है। मध्यप्रदेश में बना सरकुलेशन ही झारखंड का मौसम प्रभावित कर रहा है। बंगाल की खाड़ी में भी निम्न दबाव बना है और इसके चक्रवात में बदलने की संभावना है। इसका असर भी दिखेगा।
14 मई तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम पूर्वानुमान के पूर्वानुमान के अनुसार कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर शहर और आसपास के क्षेत्र के साथ पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां मौसम का मिजाज 14 मई तक बदला रहेगा। इस दौरान 11 से 14 मई तक रोज बारिश होने की संभावना है। अन्य दिनों में बादल छाए रहने के साथ बिजली चमकने और मेघ गरजने के साथ तेज हवा चलेगी।
वज्रपात से हो गई थी वार्ड सदस्य की मौत
कभी तेज धूप तो एकबारगी तेज हवाओं के साथ बारिश के बीच वज्रपात की घटनाएं भी हो रही हैं। इसी क्रम में पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर प्रखंड के ढीपा पंचायत की वार्ड सदस्य सरिता महतो की वज्रपात से मौत हो गई थी। सरिता महतो शुक्रवार की शाम खेत से सब्जी तोड़कर लौट रही थी। उसी समय खेत में वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में वह आ गई। परिवार के लोग उसे आनन-फानन में सीएचसी ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया था।