बारिश से राहत संग आफत, गिरी स्कूल की दीवार; बस्तियों में जलजमाव Jamshedpur News
लगातार हो रही बारिश से तन झुलसाती गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन इसके साथ दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। एक स्कूल की दीवार गिर गई वही कई बस्तियों में भारी जम गया है।
जमशेदपुर, जेएनएन। लगातार हो रही बारिश से तन झुलसाती गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन इसके साथ दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। जमशेदपुर के बिस्टूपुर इलाके में सोमवार देर रात जहां डीएम मदन स्कूल की दीवार गिर गई वहीं शहर के कई मुहल्लों में जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ी है।
डीएम मदन स्कूल की दीवार गिरने से आसपास के र्क्वाटरों को नुकसान पहुंचा। काफी सामान क्षतिग्रस्त हुए। इनमें एक कार भी शामिल है। कार दीवार के मलबे में दब गया। क्वार्टर टाटा वकर्स यूनियन कर्मचारियों के हैं। सूचना के बाद मंगलवार को टाटा स्टील, जुस्को और टाटा वर्कर्स यूनियन की टीम पहुंची और क्षति का आंकलन करने के साथ दीवार गिरने के कारणों की पड़ताल भी की।
बस्तियों में लोगों का घर से निकलना मुश्किल
दो दिन की बारिश से बर्मामाइंस थाना इलाके की टाटा फाउंड्री बस्ती समेत अन्य बस्तियों में जलजमाव हो गया। लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। लोग घुटना भर पानी से गुजरने को मजबूर हैं।
चार दिनों के इंतजार के बाद बारिश
चार दिनों के इंतजार के बाद सोमवार को बारिश की फुहारों से पूरा शहर दिनभर भींगता रहा। मौसम का मिजाज बदलने से लोगों के चेहरे खिल गए। सुबह से ही मौसम का रुख बदला-बदला सा रहा। आसमान में बादल छाए रहे। दस बजते ही बादल बूंदें बनकर बरसने लगीं। देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के बाद शहर का मौसम सुहावना हो गया। लोगों ने सूरज की तेज तपिश से राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार शहर में शाम तक 18 मिमी. बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में आने वाले सात जुलाई तक शहर और आसपास के क्षेत्र में रोज बारिश होने की संभावना जताई गई है। वैसे पहली जून से पहली जुलाई तक जिले में सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मंगलवार को सुबह भी पूरे जोर की बारिश हुई।