Jamshedpur Weather Forecast: प्री मानसून की दस्तक, जमशेदपुर में 15 जून तक होगी झमाझम बारिश
Jamshedpur Weather Forecast 15 जून तक रोजाना रुक-रुक कर बारिश होगी। मौसम विभाग ने झारखंड में 13 जून तक मानसून की इंट्री होने की संभावना जताई है। उसे देखकर कहा जा रहा है कि जमशेदपुर में प्री मानसून की दस्तक हो गई है।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड के जमशेदपुर में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार की दोपहर के बाद से लगातार झमाझम बारिश होती रही, जो देर रात तक जारी रहा। इस दौरान कई जगहों पर पानी का जमाव भी हो गया, जिसे निकालने में लोग जुटे रहे।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 15 जून तक रोजाना रुक-रुक कर बारिश होगी। मौसम विभाग ने झारखंड में 13 जून तक मानसून की इंट्री होने की संभावना जताई है। उसे देखकर कहा जा रहा है कि जमशेदपुर में प्री मानसून की दस्तक हो गई है। ऐसे में आपको सावधान होने की जरूरत है। बरसाती बीमारी बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। इसे लेकर जिला सर्विलांस विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। बरसात के दिनों में डेंगू, मलेरिया व चिकुनगुनिया के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसे में सभी निजी व सरकारी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि उनके यहां इससे संबंधित अगर कोई भी मरीज पहुंचे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दी जाए ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। डेंगू, मलेरिया व जापानी इंसेफ्लाइटिस को लेकर सभी निजी व सरकारी अस्पतालों में अलग से वार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है।
तापमान में होगा उतार चढ़ाव
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले एक सप्ताह के अंदर तापमान में चार से पांच डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 15 जून को शहर का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। अस्पतालों में बढ़ेगी मरीजों की संख्या
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के फिजिशियन डॉ. बलराम झा ने बताया कि बरसात के दिनों में हर साल मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में बरसात शुरु होने के बाद फिर से एक बार मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ेगी। इससे बचने के लिए बारिश में नहीं भींगे। इससे वायरल फीवर, सर्दी-खांसी होने की संभावना होती है। वहीं, बाहरी खान-पान से बचें। इससे पेट में इंफेक्शन या फिर पीलिया होने की संभावना होती है।
अगले सात दिन का तापमान
तिथि : अधिकतम : न्यूनतम
- 9 जून : 34.1 : 26.4
- 10 जून : 34.0 : 24.0
- 11 जून : 29.0 : 23.0
- 12 जून : 29.0 : 23.0
- 13 जून : 30.0 : 24.0
- 14 जून : 30.0 : 24.0
- 15 जून : 30.0 : 24.0