सुंदरनगर कैंप के रैफ के 19 जवान सहित जिले में 45 कोरोना संक्रमित Jamshedpur News
पूर्वी सिेहभूम जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमितों की तादाद ने चौंका दिया है। गुरुवार को जिले में एक दिन में सबसे अधिक 45 कोरोना संक्रमित मिले जिसमें रैफ के 19 जवान शामिल हैं।
जमशेदपुर(जागरण संवाददाता)। पूर्वी सिंहभूम जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमितों की तादाद ने चौंका दिया है। गुरुवार को जिले में एक दिन में सबसे अधिक 45 कोरोना संक्रमित मिले, जिसमें रैफ के 19 जवान शामिल हैं। इससे पहले गुरुवार शाम तक जिले में 11 संक्रमितों की सूचना थी, जिसमें सुंदरनगर स्थित रैफ (रैपिड एक्शन फोर्स) कैंप के तीन जवान शामिल थे।
देर रात को इनकी संख्या 19 हो गई। ये सभी 29 जून को जम्मू-कश्मीर, गोरखपुर, बक्सर, बेंगलुरु, कानपुर, रायबरेली, धर्मपुर, देहरादून, रांची, हैदराबाद, हजारीबाग, वर्द्धमान, गंजाम से आए थे। सभी को क्वारंटाइन में रखा गया था और उनका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं, चाईबासा में पदस्थापित एक सरकारी अधिकारी व उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।ये दोनों कदमा में रहते हैं। इनकी रिपोर्ट ट्रूनेट मशीन से आई है। इनका कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।
ट्रूनेट मशीन से अबतक कुल 14 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इन दोनों के संपर्क में और भी कई लोगों को आने की संभावना है। इसे देखते हुए क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही जिले में 26 और कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें दो मरीज 29 जून को किर्गिस्तान से आए थे। वे दोनों बिष्टुपुर स्थित होटल बुलेवर्ड में क्वारंटाइन थे। इसके साथ ही बारीडीह की एक युवती कोलकाता से लौटी थी। दिल्ली से भी एक युवक लौटा था। बागबेड़ा नया बस्ती के एक दंपति 30 जून को बिहार के आरा से आए थे। इसके बाद उनका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। इसके अलावा चाकुलिया में 13, पोटका में एक, धालभूमगढ़ में एक कोरोना मरीज पाए गए है। सभी का ट्रेवल हिस्ट्री है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल व टाटा मुख्य अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। इससे पहले जिले में सबसे अधिक 30 मई को 43 मरीज मिले थे। इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 449 हो गई है। बुधवार तक कोरोना मरीजों की संख्या 404 थी।
एमजीएम में 388 संदिग्धों की हुई जांच
एमजीएम अस्पताल के वायरोलॉजी लैब में कुल 388 संदिग्धों की जांच हुई। इसमें 37 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बाकी आठ मरीजों की पुष्टि टीएमएच के लैब में हुई। इधर, जिले से कुल 153 संदिग्धों का नमूना लिया गया। अब तक जिले से कुल 23,148 संदिग्धों का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 21,720 की रिपोर्ट आ चुकी है। बाकी की जांच प्रक्रिया में है।
चार मरीज की हुई छुट्टी
टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती चार मरीज संक्रमणमुक्त होने पर गुरुवार को अस्पताल से घर भेजे गए। इनमें से एक टेल्को, एक कदमा व दो गोलमुरी के रहने वाले हैं। जिले में अबतक 272 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।