नक्शा उल्लंघन कर इमारत बनानेवालों पर कसेगा शिकंजा
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) नक्शा विचलन करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) के नवनियुक्त विशेष अधिकारी कृष्ण कुमार ने प्रभार ग्रहण कर लिया है। झारखंड प्रशासनिक सेवा 2010 बैच के अधिकारी कृष्ण कुमार इसके पहले धनबाद में कार्यपालक दंडाधिकारी थे। उन्होंने निवर्तमान विशेष अधिकारी संजय पांडेय से प्रभार हासिल किया। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए कृष्ण कुमार ने शहर को साफ-सुथरा रखने, पर्यावरण का ख्याल रखने, जेएनएसी से मंजूर नक्शा का उल्लंघन कर इमारत बनाने वालों पर शिकंजा कसने आदि को अपनी प्राथमिकता बताई।
नवनियुक्त विशेष अधिकारी ने कहा कि जो इमारतें पहले से ही नक्शा परमिट का उल्लंघन कर बनाई गई हैं उन्हें अगर नियमों के अनुसार संभव होगा तो नियमित किया जाएगा। जो इमारतें नियमितीकरण के दायरे में नहीं आएंगी उन पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नक्शा का उल्लंघन कर इमारतों का निर्माण कराने की शहर के कुछ बिल्डरों की प्रवृत्ति बन गई है। इस पर रोक लगाई जाएगी। नक्शा का उल्लंघन कर इमारतें बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। शहर को सुंदर बनाने के लिए विशेष अधिकारी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने पर जोर देने की बात कही। साथ ही कहा कि साफ-सफाई उनकी पहली प्राथमिकता होगी। लोगों को समझाया जाएगा कि गंदगी से कौन सी बीमारियां होती हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाई जाएगी ताकि गरीबों को रहने के लिए छत मिल सके। इससे पूर्व होटल केनेलाइट में निवर्तमान विशेष अधिकारी संजय पांडेय का विदाई समारोह चला। इस मौके पर संजय पांडेय ने भी गाना गया। उन्होंने अक्षेस में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और सभी कर्मचारियों को ईमानदारी से अपना दायित्व निभाने की सलाह दी। विदाई समारोह में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष अधिकारी कृष्ण कुमार के अलावा, सिटी मैनेजर रंजन पांडेय, ठेकेदार आदि मौजूद थे।