दो घंटे लेट उड़ी हज की फ्लाइट, परेशान रहे आजमीन
जागरण संवाददाता जमशेदपुर रांची के बिरसामुंडा एयरपोर्ट से रविवार को हज की दोनों फ्लाइट
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : रांची के बिरसामुंडा एयरपोर्ट से रविवार को हज की दोनों फ्लाइट लेट रवाना हुई। पहली फ्लाइट 9.40 मिनट पर थी जबकि, इसने तकरीबन दो घंटा लेट 11.30 बजे उड़ान भरी। इसी तरह, दोपहर बाद 1.20 बजे वाली दूसरी फ्लाइट ने एक घंटा लेट 2.20 बजे उड़ान भरी। फ्लाइट लेट होने से जमशेदपुर के 63 आजमीन-ए-हज (हज यात्री) को दिक्कत का सामना करना पड़ा। ये 63 आजमीन रविवार को ही सऊदी अरब के जेद्दा पहुंच गए। देर शाम तक ये आजमीन मक्का मोअज्जमा के लिए रवाना हो गए थे।
आजमीन शनिवार की रात को ही रांची पहुंच गए थे। साकची जामा मस्जिद हज कमेटी के हाजी मो. इकबाल ने बताया कि यहां कुछ आजमीन हज हाउस में रुके थे जबकि कुछ लोग होटल में ठहरे थे।
---------
आजमीन को एयरपोर्ट पर दिए गए सिम : सभी आजमीन को एयरपोर्ट पर सिम दिए गए हैं। ये सिम सऊदी अरब में एक्टिवेट किए जाएंगे। सिम एक्टिवेट करने के लिए आजमीन का फिंगर प्रिंट लिया जाएगा। आजमीन को बताया गया कि वो भारतीय दूतावास का वाट्सएप नंबर 00966543891481 रखें और कोई भी दिक्कत होने पर उस पर संपर्क कर अपनी परेशानी लिखें।
-----------
मोबाइल एप डाउनलोड करें आजमीन : केंद्रीय हज कमेटी ने एक मोबाइल एप (इंडियन हाजी इंफार्मेशन सिस्टम) भी बनाया है। आजमीन इस एप को अपने स्मार्ट फोन पर डाउनलोड कर हज से जुड़ी हुई सूचनाओं को हासिल कर सकते हैं। केंद्रीय हज कमेटी ने उन्हें लगातार नए अपडेट उपलब्ध कराती रहेगी। आजमीन के लिए केंद्रीय हज कमेटी ने एक टॉल फ्री नंबर 800247786 भी जारी किया गया है। आजमीन दिक्कत होने पर इस नंबर पर संपर्क कर अपने मसले का हल हासिल कर सकते हैं।
-----
आज उड़ान भरेंगे शहर के 20 आजमीन : सोमवार को शहर के 20 आजमीन हज के लिए रवाना होंगे। इन आजमीन ने रविवार को हज हाउस पहुंच कर रिपोर्टिग करा ली है। इन आजमीन को पासपोर्ट और टिकट भी दे दिया गया है। जिन लोगों ने ऑनलाइन रिपोर्टिग की है उन्हें पहले ही टिकट और पासपोर्ट दे दिया गया है। सोमवार को हज की फ्लाइट से उड़ान भरने वाले आजमीन में 18 हज यात्री साकची जामा मस्जिद के हैं जबकि, दो आजमीन मदरसा फैजुल उलूम के हैं।