स्वजातीय युवती के साथ एक वर्षों से था प्रेम संबंध, विवाह करने से किया इंकार ; जानिए फिर क्या हुआ
Misdeed. प्रेम प्रसंग में अनाथ युवती के छह माह की गर्भवती होने के मामले पर शुक्रवार की शाम से उठे बवाल का पटाक्षेप शनिवार की दोपहर आरोपी युवक ललित नायक की गिरफ्तारी के साथ हुआ।
सरायकेला जासं।प्रेम प्रसंग में अनाथ युवती के छह माह की गर्भवती होने के मामले पर शुक्रवार की शाम से उठे बवाल का पटाक्षेप शनिवार की दोपहर आरोपी युवक ललित नायक की गिरफ्तारी के साथ हुआ। हालांकि, मामले की उलझन को लेकर पुलिसिया छानबीन जारी है। इस संबंध में पीड़िता युवती द्वारा सरायकेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी युवक की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा की गई।
पीड़िता युवती द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि आरोपी युवक ललित के साथ पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध रहे हैं। इसी दौरान शादी का झांसा देकर ललित द्वारा बार-बार पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाया जाता रहा। इस दौरान पीड़िता के गर्भवती हो जाने के बाद शादी के लिए कहने पर आरोपी युवक द्वारा टालमटोल किया जाता रहा। जिससे तंग होकर पीड़िता युवती द्वारा ग्राम वासियों के समक्ष अपने दुख को रखा गया।
ग्राम वासियों ने की आमसभा
सरायकेला थाना अंतर्गत संबंधित गांव के ग्राम वासियों ने ग्राम पंचायत मुखिया, पूर्व मुखिया और ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में आम सभा की। जिसमें पंचायत समिति सदस्य वरिष्ठ ग्रामीण रुई दास लेयांगी एवं ग्राम क्षेत्र के 12 स्वयं सहायता महिला समूह का प्रतिनिधित्व कर रही सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रस्ताव पारित किया गया कि प्रथम शर्त पर विवाह के लिए राजीनामा कराया जाएगा। ऐसा नहीं हो पाने की स्थिति में थाने में मामला दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की ओर अग्रसर हुआ जाएगा। आरोपित युवक के पिता जगबंधु नायक उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें।
अनाथ है पीड़िता
19 वर्षीया पीड़िता के माता- पिता इस दुनिया में नहीं हैं। मजदूरी का काम कर अपने दो छोटे भाई और एक बहन को पालने की जिम्मेवारी पीड़िता के ऊपर है। जिसका निर्वहन पीड़िता द्वारा किया जाता रहा है।
मामले में रिश्ते भी हुए हैं तार- तार
बताया जा रहा है कि आरोपित युवक और पीड़िता युवती स्वजातीय होने के साथ-साथ पारिवारिक संबंधों में चाचा- भतीजी के रिश्ते में आते हैं। जिसमें इस प्रकार के प्रेम संबंध और शारीरिक संबंध को घृणित कृत्य बताया जा रहा है।
जाने किसने क्या कहा
1. ग्राम पंचायत मुखिया - युवती अनाथ और अत्यंत गरीब है। उसे न्याय और उसका हक दिलाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी।
2. पूर्व मुखिया - ऐसी घटना शर्मनाक है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर कदम उसके साथ चला जाएगा।
3. पीड़िता के चाचा - प्रथम शर्त विवाह के साथ पीड़िता का घर बसाने का है। ऐसा नहीं होने पर न्यायिक लड़ाई लड़ी जाएगी। साथ ही समाज की तरफ से सामाजिक दंड के लिए भी प्रयास होंगे।
4. स्वयं सहायता महिला समूहों की प्रतिनिधि - आरोपी का परिवार गांव में दबंग की तरह है। पूर्व में भी कई बार गुनाह किए गए हैं। उनके द्वारा डराने- धमकाने की घटनाएं भी की जाती रही हैं। इस बार पीड़िता को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
5. आरोपी युवक के पिता जगबंधु नायक- बेटा निर्दोष है। समाज में और गांव में परिवार की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए कुचक्र रचा जा रहा है। थाने में मामला दर्ज करा कर न्यायिक लड़ाई लड़नी चाहिए। आरोपी बेटा यदि दोषी हुआ तो न्यायालय उसे उसके बुरे कर्मों की सजा अवश्य देगा। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। क्योंकि कहे अनुसार पिछले एक वर्षों से प्रेम प्रसंग की जानकारी परिवार में किसी को भी नहीं है और छह महीने की गर्भवती होने के बाद बीते तीन दिनों से ही हंगामा क्यों मचाया जा रहा है।
6. थाना प्रभारी सरायकेला नवीन प्रकाश पांडेय- पीड़िता युवती द्वारा थाने में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए जाने और छह माह का गर्भवती करने का मामला दर्ज कराया गया है। जिसे लेकर आरोपी युवक की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं को लेकर छानबीन की जा रही है।