जीएसटी में घोटाला करने वाले जमशेदपुर के दस व्यवसायी होंगे गिरफ्तार
जीएसटी में फर्जीवाडा कर सरकार को करोड़ों का चूना लगाने वाले जमशेदपुर के दस व्यापारी चिहिनत कर लिए गए हैं। ये किसी भी क्षण गिरफ्तार हो सकते हैं।
जमशेदपुर, दिलीप कुमार। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में करोड़ों की हेराफेरी करने वाले जमशेदपुर के दस बड़े व्यवसायियों की गिरफ्तारी का आदेश जारी किया गया है। सूबे के कर सचिव केके खंडेलवाल के पत्र पर गृह विभाग ने डीजीपी को पत्र लिखकर जमशेदपुर एसएसपी को गिरफ्तारी आदेश निर्गत करने को कहा है। मामला फर्जी प्रतिष्ठान बनाकर करोड़ों रुपये का राजस्व हड़पने से संबंधित है। जीएसटी में हेराफेरी और इतने बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी का यह आदेश देश का पहला मामला है।
इन व्यवसायियों की अब होगी गिरफ्तारी -
अंकित कुमार मिश्रा (आरोपित)।
- दिलीप सिंह सोलंकी (आरोपित)।
- प्रदीप कुमार सिंह (सह-आरोपित)।
- अभिजीत कुमार : पिता प्रदीप कुमार सिंह (सह-आरोपित)।
- आशुतोष कुमार : पिता दिलीप सिंह सोलंकी (सह-आरोपित)।
- रवि उर्फ राजेश रवि (आरोपित के संबंधित)।
- मुकेश अग्रवाल (आरोपित के संबंधित)।
- सत्य प्रकाश (आरोपित के संबंधित)।
- दीपक झा (आरोपित के संबंधित)।
- निकित कुमार मित्तल (आरोपित के संबंधित)।
आरोपितों ने किया गलत आइटीसी का दावा छह जुलाई 2018 को झारखंड राज्य कर विभाग के सचिव केके खंडेलवाल के पत्र में जिक्र है कि सभी दस व्यवसायियों ने फर्जी प्रतिष्ठान बनाकर गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) का दावा कर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की। गृह विभाग ने डीजीपी से कहा है कि जमशेदपुर के एसएसपी को यह आदेश दिया जाए कि वे सभी आरोपित व्यवसायियों को गिरफ्तार कर जमशेदपुर के जीएसटी आसूचना महानिदेशक को हैंडओवर करें।
पहली बार 37 करोड़ के फर्जीवाड़े से मची खलबली जमशेदपुर में पहली बार जीएसटी में 37 करोड़ के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। इससे कर विभाग समेत व्यवसायियों में खलबली मच गई थी। सबसे पहले फर्जीवाड़ा करने वाले अंकित शर्मा की जांच में चौकाने वाले तथ्य सामने आने के बाद विभाग ने ना केवल अंकित शर्मा का जीएसटी नंबर ब्लॉक कर दिया था, बल्कि देश में अलर्ट जारी किया था। विभाग की जांच में दस व्यवसायियों का नाम सामने आया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने की कवायद तेज हुई है। इसमें बिष्टुपुर साइबर थाने की बड़ी भूमिका रही।
जमशेदपुर में 65.25 करोड़ के मामले दर्ज - 26 मई : कंचन एलाय एंड स्टील, जुगसलाई (मनोज पारिख) : 14 करोड़ - 28 मई : कृष्णा इंटरप्राइजेज, बिरसानगर (अंकित शर्मा) : 37.16 करोड़ - 08 जून : महिंद्रा ट्रेडर्स, बर्मामाइंस : 1.05 करोड़ - 08 जून : शाकंभरी मेटालिक्स एंड एलाय, जुगसलाई : 5.73 करोड़ - 09 जून : पीके ट्रेडर्स, टेल्को : 7.32 करोड़