Tata steel में ग्रेड रिवीजन के लिए अभी और इंतजार, एजीएम के बाद होगी Jamshedpur News
टाटा स्टील में ग्रेड रिवीजन के लिए अभी और इंतजार करना होगा। कंपनी की वार्षिक आमसभा के बाद ही रिवीजन को लेकर वार्ता का दौर शुरू हो पायेगा।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। टाटा स्टील की 19 जुलाई को मुंबई वार्षिक आमसभा (एजीएम) होगी। इसके बाद ही कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच ग्रेड रिवीजन पर बैठक होगी।
टाटा स्टील में कार्यरत कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन समझौता पहली जनवरी 2018 से लंबित है। लेकिन यूनियन नेतृत्व का कहना है कि अभी तक वार्ता प्रारंभिक चरण पर ही है। कंपनी में ग्रेड रिवीजन समझौता कब होगा? यह सभी कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि समझौते में जितनी देर होगी, कर्मचारियों को उससे उतना ही नुकसान होना तय है। कई सुविधाओं पर उन्हें एरियर नहीं मिलेगा।
यूनियन नेतृत्व ने किया था हर दिन बैठक का दावा
पूर्व में ग्रेड रिवीजन की बैठक के बाद यूनियन नेतृत्व ने ही दावा किया था कि अब प्रबंधन और उनके बीच हर दिन बैठक होगी ताकि मामले का जल्द समाधान हो जाए। लेकिन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद पहले इंटक के राष्ट्रीय सचिव जी संजीवा रेड्डी के बेटे की शादी में हैदराबाद चले गए। उसके बाद अपने भाई के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने सिंगापुर रवाना हो गए। उनकी वापसी के बाद से वार्ता अपनी सुस्त गति पर है। ऐसे में कर्मचारियों से लेकर कमेटी मेंबरों तक में इसे लेकर खासी नराजगी देखी जा रही है। अब यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने साफ कर दिया कि प्रबंधन के साथ अब अगली वार्ता एजीएम से 21 जुलाई को लौटने के बाद ही होगी। ऐसे में कर्मचारियों को भी लगभग 12 दिनों का इंतजार करना होगा।
17 को मुंबई रवाना होंगे यूनियन नेता
टाटा स्टील के वार्षिक एजीएम 19 जुलाई को मुंबई में होना है। इसमें कंपनी अपने वित्तीय आंकड़े शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत करेगी। इस आयोजन में टाटा वर्कर्स यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, महामंत्री सतीश कुमार सिंह सहित पीएफ कमेटी के सदस्य जोगिंदर सिंह जोगी, मुमताज आलम, ओपी सिंह व अमोद कुमार दुबे भी 17 को मुंबई के लिए रवाना होंगे और 21 जुलाई को वापस शहर लौटेंगे।