40 माह से लंबित है टिमकेन कंपनी में ग्रेड, अब बोनस पर संशय Jamshedpur News
Timken. टिमकेन इंडिया लिमिटेड कंपनी कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन 40 माह से लंबित है। प्रबंधन-यूनियन के बीच हुई कई दौर की वार्ता के बावजूद मामले का निराकरण नहीं हो पाया है। इससे बोनस पर भी संशय की स्थिति बनने लगी है।कर्मचारियों में ऊहापोह की स्थिति है।
जमशेदपुर, जासं। टिमकेन इंडिया लिमिटेड कंपनी कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन 40 माह से लंबित है। प्रबंधन-यूनियन के बीच हुई कई दौर की वार्ता के बावजूद मामले का निराकरण नहीं हो पाया है। इससे बोनस पर भी संशय की स्थिति बनने लगी है।
उप श्रमायुक्त ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन-यूनियन को आपस में बातचीत कर समझौता करने का निर्देश दिया था। प्रबंधन ने समझौता नहीं होने का कारण बताते हुए उप श्रमायुक्त को जवाब दिया है। जिस पर संज्ञान लेते हुए एक बार फिर उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद ने टिमकेन कंपनी प्रबंधन को नोटिस भेजा है। कंपनी प्रबंधन को यूनियन के साथ बैठक कर वेज रिवीजन वार्ता करने को कहा है। वहीं इस मामले में 30 सितंबर तक कंपनी से जवाब भी मांगा गया है।
उपाश्रमायुक्त ने दूसरे नोटिस में कही है ये बात
कंपनी प्रबंधन को जारी नोटिस में उप श्रमायुक्त ने कहा है कि पूर्व की वेज रिवीजन की बैठक में प्रबंधन के प्रतिनिधियों का स्टैंड स्पष्ट नहीं था। वार्ता में न्यूनतम रूप से वेज रिवीजन का फीसद बढ़ाने की बात कहीं गई, जिसे यूनियन ने नकार दिया। ऐसे में प्रबंधन पहले यह स्पष्ट करें कि क्या कंपनी को पिछले 40 महीनों में नुकसान हुआ है ? क्या कर्मचारियों ने उत्पादन नहीं किया, तो फिर क्यों वेज रिवीजन नहीं किया जा रहा है। प्रबंधन जल्द वेज रिवीजन कर औद्योगिक शांति बहाल रखने में विभाग को सहयोग करें।
कर्मचारियों में बनी है ऊहापोह की स्थिति
समय पर ग्रेड रिवीजन नहीं होने से कर्मचारियों के बीच ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। कर्मचारियों का मानना है कि जब ग्रेड में विलंब हो सकता है तो कहीं बोनस पर भी ग्रहण नहीं लगे। प्रबंधन कहीं बोनस में भी विलंब न करें, या फिर बोनस के नाम पर कुछ अग्रिम राशि का भुगतान भी कर सकता है।