बीडीओ नागेंद्र तिवारी की मौत की जांच कराएगी सरकार : कृषि मंत्री Jamshedpur News
देवघर के पालोजोरी में कार्यरत बीडीओ नागेंद्र तिवारी की सोमवार को ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उनके परिवार से मिलने कृषि मंत्री बादल पत्रलेख मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। देवघर के पालोजोरी में कार्यरत प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नागेंद्र तिवारी की सोमवार को ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उनके परिवार से मिलने कृषि मंत्री बादल पत्रलेख मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे।
साकची जेल चौक स्थित आवास पर स्व. तिवारी के परिवार से बादल ने कहा कि वे उसी जिले से आते हैं, जहां स्व. तिवारी कार्यरत थे। झारखंड सरकार उनके साथ है। परिवार के लोग जैसा चाहेंगे, मौत के कारणों की जांच कराई जाएगी। यहां से कृषि मंत्री परिसदन पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। कृषि मंत्री दोपहर करीब डेढ़ बजे शहर पहुंचे थे, जबकि परिसदन में बैठक के बाद रांची रवाना हो गए।
यहां प्रयोग सफल नहीं होगा : बादल
परिसदन में बैठक के बाद पत्रकारों के एक सवाल पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि कहीं-कहीं प्रयोग सफल हो जाते हैं, यहां नहीं होगा। बादल का यह जवाब राजस्थान में गहलोत सरकार की स्थिति को लेकर था।
अपनी सरकार के कार्यों पर मंत्री ने कहा कि हम किसानों का ऋण माफ तो कर ही रहे हैं, उनके उत्थान के लिए हर तरह की मदद भी कर रहे हैं। झारखंड सरकार कोरोना में सभी राज्यों से बेहतर काम कर रही है। प्रवासी श्रमिकों को रोजगार देने में भी हम बढ़-चढ़कर काम कर रहे हैं।