Jamshedpur coronavirus News : जमशेदपुर के लिए अच्छी खबर, 209 दिन के बाद सबसे कम मिले सिर्फ चार कोरोना मरीज
Jamshedpur coronavirus News. जमशेदपुर में 209 दिन के बाद सबसे कम मरीज मिले। इससे पूर्व 28 जून को चार कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। अब सिर्फ 106 कोरोना के एक्टिव केस है। बाकी 17 हजार 485 मरीज स्वस्थ होकर वापस घर लौट गए हैंं।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर शहर के लिए अच्छी खबर है। कोरोना मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। शनिवार को 209 दिन के बाद सबसे कम मरीज मिले। इससे पूर्व 28 जून को चार कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। अब सिर्फ 106 कोरोना के एक्टिव केस है। बाकी 17 हजार 485 मरीज स्वस्थ होकर वापस घर लौट गए हैंं।
शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में दो हजार 43 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें चार लोग संक्रमित मिले। सभी शहरी क्षेत्रों के रहने वाले हैं। ये मरीज कदमा, सोनारी, मानगो व जुगसलाई के रहने वाले हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हजार 966 हो चुका है।
वैक्सीनेशन से स्वास्थ्यकर्मियोें में खुशी
इधर, शहर में वैक्सीनेशन शुरु होने से स्वास्थ्य कर्मियों में उल्लास का माहौल है। टीका लेने के बाद स्वास्थ्य कर्मी राहत की सांस ले रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना काल में न तो कोई दवा थी और न ही टीका। लेकिन, अब टीका आ गया है। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को ही टीका पड़ रहा है। क्योंकि इन्हें सबसे अधिक जरूरत थी। अब और भी बेहतर ढंग से मरीजों की सेवा कर पाएंगे।
1712 संदिग्धों का लिया गया नमूना
शनिवार को एक हजार 712 संदिग्धों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 519218 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 492692 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
19 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से शनिवार को कुल 19 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 17485 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।