Good News : कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए 21 लोगों को अस्पताल से मिली छुट़टी Jamshedpur News
कोरोना संक्रमण से मुक्त होनेवाले 21 लोगों को टाटा मुख्य अस्पताल के कोविड वार्ड से छुट़टी मिल गई और उन्हें उनके घरोें के लिए विदा कर दिया गया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। रोज-रोज कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी की खबरों के बीच गुरुवार को एक अच्छी खबर आई। कोरोना संक्रमण को मात देनेवाले 21 लोगों को कोविड अस्पताल से छुट़टी मिल गई।
जिला प्रशासन की टीम ने स्वस्थ हुए सभी 21 लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनके घरों के लिए विदा किया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमणमुक्त होने से चिकित्साकर्मियों ने भी राहत की सांस ली है और उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब यह कहा जा रहा है कि कोल्हान में कोरोना के संक्रमण के बढ़ते मामले के बीच संक्रमितों के स्वस्थ होने के क्रम में भी तेजी आई है। इसके पूर्व भी पूर्वी सिंहभूम में दो कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
चाकुलिया से मिले पहले दो सहित चार संक्रमित को दी जा चुकी अस्पताल से विदाई
पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना संक्रमित मिलने की शुरुआत उस समय हुई जब घाटशिला अनुमंडल के चाकुलिया में एक साथ युवक व युवती के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। दोनों को टीएमएच के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों को ही कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद उनके घर भेजा जा चुका है। चाकुलिया निवासी युवक को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गुलदस्ता देकर टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) से विदा किया था।
इसके साथ ही पिछले सप्ताह तक टीएमएच से चार कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर लौट चुके हैं। चाकुलिया का युवक कोलकाता में सीए (चार्टर्ड एकाउंटेंट) की तैयारी कर रहा था। लॉकडाउन के दौरान वह अपने घर आया था। उसे जब पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है, तो यह सुनकर काफी नर्वस हो गया था। जिला प्रशासन ने उसे टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने दिलासा दिया कि वह घबराए नहीं। यह बीमारी जानलेवा नहीं है। यह सुनने के बाद उसे काफी शांति मिली। आखिरकार मैं ठीक हो गया।
स्वस्थ हो घर लौट चुकी है पश्चिमी सिंहभूम की पहली कोरोना पॉजिटिव
पश्चिमी सिंहभूम में पहला कोरोना पॉजिटिव केस एक महिला का था। पिछले सप्ताह वह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुकी है। उसका इलाज चाईबासा सदर अस्पताल के कोविड वार्ड में किया जा रहा था। उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों ने ताली बजाकर महिला को अस्पताल से घर लिए विदा किया। उसे उपहार भी जिला प्रशासन की ओर से दिया गया।