जमशेदपुर पश्चिम विस क्षेत्र में मनेगा सुशासन माह
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी सात मंडलों में सुशासन माह मनेगा। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं जाएंगी और उसका समाधान भी होगा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी सात मंडलों में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में 25 अगस्त से 25 सितंबर तक सुशासन माह का आयोजन होगा। क्षेत्र के भाजपा विधायक व मंत्री सरयू राय ने बताया कि भाजपा परिवार के श्रेष्ठ विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन 25 सितंबर को सुशासन माह का समापन कार्यकर्ताओं के विशाल एकत्रीकरण के साथ होगा।
उन्होंने कहा कि सुशासन माह में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन काल का स्मरण किया जाएगा और उनके कार्यक्रमों को वर्तमान संदर्भ में लागू करने पर विचार होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान केंद्र सरकार के कार्यक्रमों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी तथा बूथ क्षेत्र स्तर पर जन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को सरयू राय के आवास पर हुई पार्टी के मंडल अध्यक्षों की बैठक में लिया गया। शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसमें सुशासन माह के कार्यक्रमों को लागू करने की रूपरेखा तय की जाएगी तथा लोगों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। रक्षाबंधन के अगले दिन से इस संबंध में बैठकें शुरू हो जाएंगी। 24 सितंबर तक बूथ स्तर पर सुशासन कार्यक्रम होंगे। 25 सितंबर को कार्यकर्ताओं की विशाल रैली के साथ सुशासन माह का समापन होगा।
सरयू राय ने बताया कि इस बहाने कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी बढ़ेगी और आम लोगों के साथ जुड़ाव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या का तत्काल समाधान होगा तो उनका जुड़ाव खुद ब खुद भाजपा से बढ़ेगा।