विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Golmuri Canara Bank Robbery: रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम, बिहार, बंगाल और ओडिशा में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

Published: Fri, 25 Sep 2026 12:14 AM (IST)

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक डकैती मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अपराधियों की धरपकड़ के ...और पढ़ें

वारदात के तरीके से स्पष्ट है कि गिरोह ने बैंक और उसके आसपास के इलाके की कई दिनों तक गहन रेकी की थी।

वारदात के तरीके से स्पष्ट है कि गिरोह ने बैंक और उसके आसपास के इलाके की कई दिनों तक गहन रेकी की थी।

HighLights

  1. पुलिस ने जमशेदपुर के गोलमुरी केनरा बैंक डकैती की जांच तेज की।

  2. अपराधियों की धरपकड़ के लिए तीन राज्यों में विशेष टीमें भेजी गईं।

  3. गहन रेकी और अंदरूनी जानकारी लीक होने के बिंदु पर जांच।

जासं, जमशेदपुर। शहर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई दिनदहाड़े डकैती के मामले में पुलिस ने जांच और अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी है। 
 
वारदात के तरीके से स्पष्ट है कि गिरोह ने बैंक और उसके आसपास के इलाके की कई दिनों तक गहन रेकी की थी। अपराधियों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की आवाजाही और घटना के बाद भागने के रास्तों की पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया।
 
स्थानीय स्तर पर किसी भेदिया या स्थानीय नेटवर्क से सूचना मिलने की बिंदु पर भी जांच जारी है। डकैती को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक से कुछ दूरी तक पैदल ही भागे। 
 
इसके बाद वे पहले से तैयार दो अलग-अलग मोटरसाइकिल (बाइक) पर सवार होकर विभिन्न दिशाओं में निकल गए। दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट पहन रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सके। 
 
पुलिस इसे अपराधियों की एक सुनियोजित रणनीति मान रही है और जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि भागने का रूट और संभावित सुरक्षित ठिकाने पहले से तय थे।
 
पुलिस ने बैंक परिसर से लेकर अपराधियों के भागने की दिशा में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अलग-अलग कैमरों के फुटेज को आपस में जोड़कर अपराधियों के रूट मैप का पता लगाया जा रहा है। 
 
दूसरे राज्यों में भागने की आशंका के चलते लगभग 20 पुलिस अधिकारियों की विशेष टीमों को पड़ोसी राज्यों- पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार के संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। 
 
ये टीमें स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। 
 
बैठक में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कई डीएसपी मौजूद रहे। 
 
डीआईजी ने घटनास्थल से मिले फिंगरप्रिंट, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी टीमों को आपसी तालमेल बनाकर अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
 
जांच का मुख्य केंद्र अब इस सवाल पर टिक गया है कि अपराधियों को बैंक के भीतर की सुरक्षा व्यवस्था की इतनी सटीक जानकारी कैसे मिली।
 
बदमाशों को बैंक खुलने की प्रक्रिया, चपरासी के अकेले पहुंचने, गार्ड के आने के समय और हथियार बैंक के अंदर रखे होने जैसी गोपनीय बातों का पता था। 
 
पुलिस अब बैंक कर्मियों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि नकदी और गहनों से जुड़ी अंदरूनी जानकारियां अपराधियों तक किस माध्यम से पहुंचीं।