विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घाटशिला में अपराधियों का तांडव: दिनदहाड़े गनपॉइंट पर 40 हजार की लूट, बंद क्वार्टर से लाखों के आभूषण साफ

Published: Sat, 12 Sep 2026 08:41 PM (IST)

घाटशिला अनुमंडल में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है, जहाँ एक ही दिन में गनपॉइंट पर 40 हजार की लूट और एक बंद क्वार्टर से लाखों के आभूषणों की चोरी हुई।

घाटशिला में चोरी की वारदात के बाद जांच करने पहुंची डॉग स्‍क्‍वॉयड की टीम।

घाटशिला में चोरी की वारदात के बाद जांच करने पहुंची डॉग स्‍क्‍वॉयड की टीम।

HighLights

  1. मऊभंडार में बंद क्वार्टर से लाखों के आभूषण और नकदी चोरी।

  2. पुलिस की लचर कार्यशैली और नशे के जाल पर उठे सवाल।

संवाद सहयोगी, घाटशिला । घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्‍वस्‍त हो गई है। एक ही दिन के भीतर गनपॉइंट पर लूट और बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की दो बड़ी वारदातों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
 

वारदात 1: हथियार की नोक पर फाइनेंस कर्मियों से लूट

शुक्रवार दोपहर दामपाड़ा क्षेत्र में बाइक से लौट रहे दो फाइनेंस कर्मियों को तीन नकाबपोश अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर रोक लिया।
 
अपराधियों ने कर्मियों से 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल, ब्लूटूथ, पावर बैंक और बाइक की चाबी छीन ली और फरार हो गए। 
 
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरेराह कट्टे के बल पर ऐसी लूट की घटना घाटशिला में पहली बार देखी गई है।
 
 

ICC कर्मी के क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी

लूट के कुछ ही घंटों बाद मऊभंडार ओपी क्षेत्र के बाबू लाइन में दूसरी वारदात सामने आई। HCL/ICC मऊभंडार में कार्यरत साची कुमार नायक और इंदु एस. नायक जब दोपहर 2 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौटे, तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। 
 
अलमारी से नकदी, कान की बाली, कंगन और अन्य कीमती आभूषण गायब थे। मऊभंडार ओपी के पुलिस अधिकारी नीरज कुमार गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
 

नशे का जाल और लचर पुलिसिंग पर उठे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय निवासियों और कामगारों में भारी आक्रोश है।

  •     अवैध नशे का नेटवर्क: स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में फल-फूल रहे अवैध नशे और नकली शराब के कारण युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं।
  •     पुलिस की कार्यशैली पर सवाल: लोगों का कहना है कि दिन में चौक-चौराहों से पुलिस गायब रहती है, जबकि देर रात सिर्फ हाईवे पर जांच और वसूली के नाम पर गश्ती दिखती है।


घाटशिला की जनता ने वरीय पुलिस अधिकारियों से इलाके में तुरंत सघन गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।