मामी को लेकर भाग रहा भांजा पकड़ाया
मामी को लेकर भाग रहा भांजा सोमवार की शाम मानगो बस स्टैंड पर पकड़ा गया। इसके बाद भांजे की जमकर फजीहत हुई। मामी को भी लोगों ने खूब जलील किया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। मामी को लेकर भाग रहा भांजा सोमवार की शाम मानगो बस स्टैंड पर पकड़ा गया। इसके बाद भांजे की जमकर फजीहत हुई। मामी को भी लोगों ने खूब जलील किया। इस दौरान मानगो स्थित पुलिस पोस्ट के पास मजमा लग गया। कुछ लोग दोनों को कोस रहे थे तो कुछ चटखारे ले रहे थे। मामला साकची थाने से होकर साकची महिला थाना पहुंचा। महिला थाने में भी खूब हो-हल्ला हुआ और अंत में महिला का पति उसे लेकर घर चला गया।
बिहार के सुलतानपुर निवासी कुंदन कुमार (22 वर्ष) जमशेदपुर में पॉलीटेक्निक की परीक्षा देने के लिए आया था। वह उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 में रहने वाले मामा मुन्ना प्रसाद के यहां ठहरा हुआ था। सोमवार की शाम वह घर जाने के लिए निकला। मानगो बस स्टैंड पर उसकी मामी सुनिता देवी (26 वर्ष) भी पहुंच गई। दोनों बस में सवार हो गए। इसी बीच सुनिता के गायब होने की खबर मुन्ना प्रसाद के घर वालों को लग गई। दर्जनों महिलाएं और पुरुष फौरन मानगो बस स्टैंड पर पहुंच गए। वहां पर मामी व भांजा बस में पकड़ लिए गए। इसके बाद हो-हल्ला शुरू हो गया। लोग मानगो पुलिस पोस्ट तक पहुंचे।
पीसीआर वैन से भेजा थाना
इसके वाद पीसीआर वैन से दोनों को साकची थाना और उसके बाद साकची महिला थाना भेज दिया गया। मामी-भांजे के साथ सब लोग महिला थाना पहुंच गए। थाने में सुनिता देवी के पति मुन्ना ने कहा कि हम पत्नी को अपने साथ रखेंगे। वहां से भांजा अपने घर और मामी अपने घर गई। प्रेम प्रसंग के इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं हुई। अलबत्ता पुलिसवालों ने दोनों को फटकार जरूर लगाई।