बैंक ऑफ बड़ौदा के कब्जे वाली कंपनी में चोरी; पूर्व मालिक ने गेट पर जड़ा अपना ताला, कोर्ट जाने की दी चेतावनी
गम्हरिया के एसएस सेरेमिक्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड में चोरी हुई है, जो बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा सील की गई ...और पढ़ें

HighLights
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा सील कंपनी में चोरी।
पूर्व मालिक ने बैंक पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, गम्हरिया । औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया के ऊपरबेड़ा स्थित एसएस सेरेमिक्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में राइस मिल) में चाेरी का मामला सामने आया है। बैंक द्वारा सील की गई इस कंपनी का शटर काटकर लाखों रुपये के कीमती यंत्र सामान उपकरण गायब कर दिए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
इस घटना के बाद कंपनी के पूर्व मालिक रोहित गोयल ने बैंक प्रबंधन और नीलामी लेने वाले पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मौके पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों से कर्ज लेकर राइस मिल शुरू की थी।
हालांकि, क्षेत्र का पानी अत्यधिक आयरनयुक्त और विषाक्त होने के कारण चावल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी, जिससे उत्पादन बंद करना पड़ा। कर्ज न चुका पाने की स्थिति में बैंक ऑफ बड़ौदा ने कंपनी को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया था।
चोरी या सोची-समझी साजिश?
यह मामला फिलहाल रांची के डीआरटी (DRT) कोर्ट में लंबित है। रविवार को जब रोहित गोयल को कंपनी में चोरी की सूचना मिली, तो वे मौके पर पहुंचे।
वहां उन्होंने देखा कि मुख्य गेट पर लगा बैंक का सील और ताला गायब था। तैनात सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बैंक मैनेजर ने ही सील खोला है।
अंदर जांच करने पर पाया गया कि भीतरी शटर पर सील बरकरार थी, लेकिन दूसरी तरफ से शटर को काटकर भीतर रखे महंगे यंत्र गायब कर दिए गए थे।
बैंक और खरीदार पर मिलीभगत का आरोप
कार्यालय से एयर कंडीशन (AC) और कीमती मोटर भी नदारद थे। रोहित गोयल ने आरोप लगाया कि बैंक ने नियमों के विरुद्ध जाते हुए मामला कोर्ट में लंबित होने के बावजूद कंपनी की नीलामी की और इसे पीआरबी एसोसिएट्स (संचालक: महेंद्र मिश्रा, अखिलेश मिश्रा और आशीष मिश्रा) को सौंप दिया।
गोयल ने आशंका व्यक्त की है कि बैंक प्रबंधक की मिलीभगत से ही कंपनी के कीमती सामान की चोरी या हेराफेरी की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर रोहित गोयल ने कंपनी के मुख्य गेट पर अपना निजी ताला जड़ दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक न्यायालय का फैसला नहीं आता, किसी का भी प्रवेश वर्जित है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लेकर अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।
