प्रेम प्रसंग में हुई थी विक्रम कुमार महतो की हत्या, महिला समेत चार गिरफ्तार
असंपादित पावर ग्रिड के पास मिले शव की हुई पहचान अवैध सम्बन्ध के कारण
प्रेम प्रसंग में हुई थी विक्रम कुमार महतो की हत्या, महिला समेत चार गिरफ्तार
संसू, गम्हरिया : 25 मई को पुलिस ने गम्हरिया पावर ग्रिड से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर टाटा-कांड्रा मार्ग से सटे नाला से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया था। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गम्हरिया थाना में मीडिया को जानकारी देते हुए सरायकेला के एसडीपीओ हरविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विक्रम कुमार महतो के रूप में की गई है। इस मामले में पुलिस ने सुषमा कुमारी समेत उसके पति सितारी पूर्ति, देवर मंगल सिंह पूर्ति व जय सिंह पूर्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त चार बोरा, सात मीटर रस्सी, शव लपेटने में प्रयोग किया गया बैनर, एक चाकू, एक डंडा व एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक विक्रम का सुषमा पूर्ति के साथ अवैध संबंध था। इसकी जानकारी महिला के पति सितारी पूर्ति को हुई तो उसने उसने अपने भाई मंगल सिंह पूर्ति व जय सिंह पूर्ति के साथ मिलकर गम्हरिया के दुगनी गांव में विक्रम की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसके शव को पावर ग्रिड के समीप स्थित नाला में फेंक दिया। पूरे मामले में बहुत ही प्रोफेशनल तरीके से काम कर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने हत्या मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इसके बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी अभियान में गम्हरिया थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, पुअनि स्वेता कुजूर, पुअनि रितेश कुमार समेत सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे।