जमशेदपुर में सात जगहों पर हो रही फ्री कोरोना जांच, कहां-कहां लिया जा रहा सैंपल जानिए
Jamshedpur Covid Test Center जमशेदपुर में 6 स्थाई कोरोना जांच केंद्र संचालित किए जा रहे थे। लेकिन एक और स्थाई केंद्र का संचालन अब मनीमेला ग्राउंड सामुदायिक भवन बिष्टुपुर में किया जाएगा। सभी जगहों पर मुफ्त में जांच होगी।
जमशेदपुर, जासं। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जमशेदपुर शहरी क्षेत्रों में जांच सेंटर भी बढ़ाए जा रहे हैं। उपायुक्त सूरज कुमार के निर्देशानुसार जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में एक और स्थाई कोरोना जांच केंद्र बनाया गया है। यहां लोग अपनी सुविधानुसार सैंपल दे सकते हैं।
सीओ जमशेदपुर सदर अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व में 6 स्थाई कोरोना जांच केंद्र संचालित किए जा रहे थे। लेकिन एक और स्थाई केंद्र का संचालन अब मनीमेला ग्राउंड सामुदायिक भवन बिष्टुपुर में किया जाएगा। सभी जगहों पर मुफ्त में जांच होगी। अगर किसी कर्मचारी द्वारा पैसा मांगा गया तो उसकी शिकायत सीधे डीसी या सिविल सर्जन से की जा सकती है।
यहां हो रही कोरोना की जांच
- सिदगोड़ा टाउन हॉल
- शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उलीडीह, मानगो
- तरुण संघ, कदमा
- कागलनगर सामुदायिक भवन, सोनारी
- जेल चौक, साकची
- एमई स्कूल, जुगसलाई
- मनीमेला ग्राउंड सामुदायिक भवन, बिष्टुपुर
आजादनगर में युवाओं द्वारा तैयार आइसोलेशन सेंटर को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
सोमवार को आजादनगर वेल्फेयर आइसोलेशन सेंटर की अनुमति मिल गयी। अब मानगो पब्लिक वेलफेयर हाई स्कूल में दस बेड वाली आइसोलेशन सेंटर का संचालन होगा। अस्पतालों में बेड की कमी को देखते हुए कुछ दिनों पूर्व दस बेड के आइसोलेशन सेंटर के संचालन की इच्छा जाहिर करते हुए मानगो की लगभग एक दर्जन अल्पसंख्यक संस्थाओं ने संयुक्त रूप से आइसोलेशन सेंटर तैयार कर उसके संचालन का मन बनाया था। इसके लिए बीते चार मई को जिले के सिविल सर्जन डॉ. एके लाल से अनुमति के लिए लिखित अनुरोध किया गया था। वहीं, भाजपा नेता मो. निसार एवं फातिमा शाहीन ने इस मामले को पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के संज्ञान में दिया था। कुणाल षाड़ंगी ने उपायुक्त से अनुरोध किया था। वहीं वे लगातार सिविल सर्जन से भी इस आशय में जरूरी सहयोग करने का आग्रह करते रहें। सोमवार को सिविल सर्जन ने मानगो के पब्लिक वेलफेयर हाई स्कूल में आइसोलेशन सेंटर संचालित करने की सशर्त अनुमति दे दी। डॉ. एमएन इस्लाम एवं डॉ. जहांजेब खान यहां सेवा देंगे।