Jharkhand: दुष्कर्म का आरोपित मंत्री का पूर्व चालक दे रहा केस उठा लेने की धमकी, जानिए
शादी का झांसा देकर महिला से यौन शोषण मामले में प्रद्युत कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के खिलाफ कदमा थाना में न्यायालय के आदेश पर विगत 14 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपित प्रदेश के एक मंत्री का पूर्व चालक है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। शादी का झांसा देकर महिला से यौन शोषण मामले में प्रद्युत कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के खिलाफ कदमा थाना में न्यायालय के आदेश पर विगत 14 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपित प्रदेश के एक मंत्री का पूर्व चालक है। उसके खिलाफ दर्ज मामले की जांच मुख्यालय दो के डीएसपी कमल किशोर कर रहे हैं। जांच के एक माह हो गए। अब तक जांच ही चल रही है और आरोपित महिला को मोबाइल पर कॉल कर और घर आकर केस उठा लेने की धमकी दे रहा है।
वह रुपये देने का प्रलोभन दे रहा है। इसकी शिकायत सिटी एसपी को दी गई। कोई कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार को महिला न्याय की गुहार लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। एसएसपी से मुलाकात नहीं होने पर कार्यालय में न्याय की गुहार लगाते हुए मांग पत्र भी सौंपा। कहा कि उसके पास अब दो नाबालिग पुत्रियों के साथ खुदकुशी करने के सिवाय और कोई चारा नहीं बचा है। महिला को एसएसपी कार्यालय में बुलाया गया है। बताया कि अदालत में 19 जून को 164 के तहत बयान भी कलमबंद हो चुका है। पत्र की प्रतिलिपि झारखंड के राज्यपाल, पुलिस महानिदेशक, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और अनुसूचित जनजाति आयोग को भेजा है। महिला का आरोप है कि आरोपित उसे मंत्री के घर भी ले जाता था। वहां की सीसीटीवी बंद करवा देता था। महिला को न्याय दिलाने को लड़ रहे अधिवक्ता शिवशंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस प्राथमिकी तक नहीं दर्ज कर रही थी। प्राथमिकी दर्ज होने पर अब कार्रवाई नहीं हो रही जो आश्चर्य की बात है।
हटा दिया गया था चालक के काम से
आरोपित के खिलाफ यौन शोषण, गर्भपात कराने, धमकी देने, ब्लैक मेलिंग किए जाने, सात लाख रुपये ऐंठ लेने संबंधित शिकायतवाद दर्ज होने और कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद उसे मंत्री के चालक पद से हटा दिया गया था। आरोपित का मानगो परमेश्वर कालोनी और कदमा भाटिया बस्ती हरिओम अपार्टमेंट में घर है। मूलरूप से बिहार के जमुई कटौना का निवासी है। महिला शादीशुदा है। उसकी दाे बेटी है। वैवाहिक जीवन में विवाद होने के कारण वह पति से अलग रहने लगी। इसी दौरान प्रदुत सिंह से उसकी पहचान हुई। नजदीकियां बढ़ती चली गई। महिला से आरोपित ने कहा कि अगर पति से तलाक लेगी ताे वह उससे शादी कर लेगा। वह उसके झांसे में आ गई। आरोपित 2012 से यौन शोषण करता रहा। गर्भवती होने पर गर्भपात करा दिया। महिला और उसके भाई से सात लाख रुपये भी ले लिया। इस बीच महिला का पति से तलाक हो गया। महिला ने आरोपित को शादी करने को कहा तो उसने इंकार कर दिया।