CoronaVirus Effect : झारखंड के जमशेदपुर में कम आ रहे विदेशी, जनवरी के बाद चीन से कोई नहीं आया Jamshedpur News
CoronaVirus Effect . झारखंड के जमशेदपुर में दो माह में सिर्फ 400 विदेशी मेहमान आए। इनमें अधिकतर अमेरिका जापान जर्मनी और आस्ट्रेलिया के हैं।
जमशेदपुर, जासं। Foreigners are coming down in Jamshedpur in Jharkhand Due to corona Effect कोरोना के खौफ का असर यात्राओं पर खूब पड़ा है। लौहनगरी आने वाले विदेशियों की संख्या भी इससे प्रभावित हुई है। यहां विदेशियों का आना कम हो गया है। आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2018-19 के मुकाबले 2020 के जनवरी व फरवरी माह में आधे से कम विदेशी मेहमान ही जमशेदपुर आए। जमशेदपुर में जनवरी व फरवरी 2020 में महज 400 विदेशी आए। जमशेदपुर में आने वाले विदेशियों में अधिकतर अमेरिका, जापान, जर्मनी व आस्टे्रलिया से आए हैं।
जमशेदपुर स्थित विदेशी शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक जमशेदपुर में जनवरी माह में चीन से अंतिम विदेशी मेहमान आए थे। उसके बाद अब तक यानि 13 मार्च तक एक भी चाइनिज या इटली से विदेशी नहीं आए। जबकि विदेशी शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व में चीन से एक साथ 15-20 की संख्या में विदेशी जमशेदपुर आया करते थे, लेकिन धीरे-धीरे संख्या में भारी बड़ी देखी जा रही है। जबसे कोरोना वायरस का खौफ हावी हुआ है, विदेशियों का आना काफी कम हुआ है।
13 दिन में आए 22 विदेशी मेहमान
जमशेदपुर आने वाले विदेशियों के आंकड़ों को देखें तो जनवरी-फरवरी माह में 400 विदेशी मेहमान आए। जबकि मार्च में विदेशियों की संख्या में काफी कमी आई है। एक मार्च से 13 मार्च 2020 के के बीचं मात्र 22 विदेशी मेहमान जमशेदपुर आए। यह आंकड़ा बताता है कि कोरोना से विदेश से आने वाले लोगों में काफी कमी आई है। मार्च माह में जमशेदपुर आने वाले विदेशी
- जर्मनी - 08
- अमेरिका - 06
- बांग्लादेश - 02
- नीदरलैंड - 02
- आस्ट्रेलिया - 02
- इंडोनेशिया - 01
- जापान - 01
कोरिया, सिंगापुर, थाइलैंड व चीन से नहीं आ रही सामग्री
कोल्हान के सरायकेला-खरसावां जिला स्थित आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र भी कोरोना के कारण रोने लगा है। पेंट, केमिकल समेत दर्जनों इंडस्ट्रीज पर इसका असर पड़ा है। कंपनियों के लिए केमिकल, टिटानियम डाई आक्साइड, एडिटिवस आदि चीन, कोरिया, थाइलैंड, सिंगापुर से आते थे। इन केमिकल का आना बंद है। कंपनी प्रबंधन इन देशों से केमिकल या रॉ-मेटेरियल नहीं मंगवा पा रहे हैं। जो कंटेनर रॉ-मेटेरियल लेकर आये हैं, वे पोर्ट पर खड़े हैं। उन्हें लेने के लिए कोई तैयार नहीं है। केमिकल पेंट इंडस्ट्रीज के संचालक और लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष हंसराज जैन ने बताया कि विदेश से आने वाली सामग्री का आना बंद है। आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह होगी। कंपनियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। आदित्यपुर औद्यौगिक क्षेत्र में पेंट, रबर, केमिकल आधारित 30 इंडस्ट्रीज हैं।