दो माह से वेतन से वंचित कर्मचारियों ने विवि के खिलाफ खोला मोर्चा Jamshedpur News
गोलमुरी स्थित एबीएम कॉलेज के 21 कर्मचारी प्रिंसिपल कक्ष के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। इन कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है।
जमशेदपुर (जासं)। गोलमुरी स्थित एबीएम कॉलेज के 21 कर्मचारी अपने वेतन की मांग को लेकर बुधवार से कॉलेज के प्रिंसिपल कक्ष के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। इन कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। विश्वविद्यालय के सौतले व्यवहार को लेकर कर्मचारियों में रोष है।
मालूम हो कि सेवानिवृत्ति विवाद के बाद कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. पीके पाणि को वेतन भी रोक दिया गया। उन्हीं का बहाना बना विश्वविद्यालय ने कर्मचारियों को भी दो माह से वेतन नहीं दिया। बुधवार को सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक कॉलेज के कर्मचारी धरने पर बैठे रहे।
इस दौरान विश्वविद्यालय पर जानबूझकर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया गया। कर्मचारियों ने कहा कि हमेशा से ही कॉलेज के कर्मचारियों को विभिन्न कारणों से प्रताडि़त किया जाता रहा है। इसके बावजूद वे हिम्मत नहीं हारते। लेकिन इस बार सब्र का बांध टूट गया है।
दुर्गा पूजा में उन्हेें वेतन नहीं मिला। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय को गुरुवार तक अल्टीमेटम दिया है। अगर ऐसा नहीं होता है संभव है मामले को वे लोग मुख्यमंत्री जन संवाद में लेकर चल जाएंगे। सामने दीवाली व छठ है ऐसे में अगर वेतन नहीं मिला तो खाने के लाले पड़ जाएंगे।
बुधवार की सुबह कॉलेज के कर्मचारी जब धरना पर बैठे तो प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजेंद्र भारती ने उन्हें समझाया, लेकिन वे नहीं माने। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक वेतन नहीं मिल जाता तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस धरना में कॉलेज कर्मचारी संघ के संरक्षक श्रीनिकेत मिश्रा, अध्यक्ष पीके भूईयां, सचिव आरसी ठाकुर, एमके पांडेय, एसएन मिश्रा, कमलेश प्रसाद, आरपी चौधरी, विजय कुमार सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे।