अगले छह दिन छाया रहेगा कोहरा, कनकनी के साथ बढ़ी ठंड, ये है पूर्वानुमान
अगले छह दिन तक घने कोहरे में शहर डूबा रहेगा। इस दौरान अगर आप सुबह व शाम में टहलने जा रहे हैं तो काफी सतर्क रहने की जरूरत है। कोहरे की वजह से दिखाई कम देती है और ऐसे में दुर्घटना होने की संभावना अधिक रहती है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। हालांकि, कनकनी के साथ ठंड लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, रविवार को न्यूनतम तापमान में फिर से दो डिग्री की कमी दर्ज की जाने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।
वहीं, रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री व अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, अगले छह दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
सुबह टहलने निकले तो रहे सावधान
शनिवार को सुबह व शाम में घने कोहरा छाया रहा। रविवार को भी घने कोहरा छाया रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अभी कोहरे से निजात मिलने वाली नहीं है। अगले छह दिन तक घने कोहरे में शहर डूबा रहेगा। इस दौरान अगर आप सुबह व शाम में टहलने जा रहे हैं तो काफी सतर्क रहने की जरूरत है। कोहरे की वजह से दिखाई कम देती है और ऐसे में दुर्घटना होने की संभावना अधिक रहती है। गाड़ी चलाने वालों से भी आग्रह है कि वे धीरे गाड़ी चलाएं।