जमशेदपुर के बहुचर्चित रामसकल हत्याकाड में पाच नए नाम
बागबेड़ा कॉलोनी निवासी ठेकेदार रामसकल यादव की हत्या के मामले में पाच नए नाम सामने आए हैं।
अन्वेष अंबष्ठ , जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी निवासी ठेकेदार रामसकल यादव की हत्या के मामले में पाच नए नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसंधान में इन पाच अपराधियों की संलिप्तता ठेकेदार की हत्या की साजिश रचने, हथियार उपलब्ध कराने और अपराधियों को सहयोग करने में सामने आई है। इनमें बिहार के मोतिहारी के झूना सिंह समेत चार और शहर का एक अपराधी शामिल है। टुन्ना सिंह उर्फ झूना सिंह के खिलाफ बिहार के मोतिहारी व बेतिया में हत्या, रंगदारी समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। अनुसंधान पदाधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने इन पाच अपराधियों के अलावा हत्याकाड के एक नामजद अभियुक्त जमशेदपुर के जुगसलाई निवासी मुन्ना तपाड़िया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट के लिए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में अर्जी दाखिल की है। वारंट के बाद पुलिस इन अपराधियों को दबोचेगी। रामसकल यादव की हत्या अपराधियों ने जुबिली पार्क में 01 अगस्त 2015 को उस समय कर दी थी जब वे मार्निंग वाक कर रहे थे।
पत्नी ने पुलिस को दी थी जानकारी, व्यावसायिक विवाद में की गई हत्या:
रामसकल यादव की पत्नी ने प्राथमिकी में पुलिस को बताया था कि व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता में उनकी हत्या की गई थी। उनके पति के नाम पर आरएस कंस्ट्रक्शन है। तपाड़िया कंस्ट्रक्शन के साथ पार्टनरशिप में फ्लैट का निर्माण करने और बेचने का व्यवसाय हो रहा था। पति की हिस्सेदारी के 2 करोड़ 25 लाख रुपये तपाड़िया बंधु वापस नही कर रहे थे। मागने पर लगातार धमकी दी जा रही थी। इसे लेकर उनके पति ने न्यायालय में केस भी किया था। पति की हत्या के बाद रंजू देवी ने तपाड़िया कंस्ट्रक्शन के विक्की तपाड़िया, संदीप तपाड़िया और मुन्ना तपाड़िया समेत अज्ञात के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कराया था।