पुणे का पंच, जमशेदपुर एफसी की पहली हार
इसे विडंबना ही कहिए, जो टीम इंडियन सुपर लीग के सीजन 5 में अभी तक जीत का दीदार नहीं कर सका था, उसने खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा।
जमशेदपुर, जासं। इसे विडंबना ही कहिए, जो टीम इंडियन सुपर लीग के सीजन 5 में अभी तक जीत का दीदार नहीं कर सका था, उसने खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा जमशेदपुर एफसी को 2-1 से पराजित कर पूरे अंक अर्जित कर लिया। इस मैच में उम्र विवाद में फंसे गौरव मुखी, ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉलर टिम काहिल व स्पेनियार्ड सर्जियो सिडोंचा नहीं खेल रहे थे।
अंतिम समय में मैट ने दागा गोल
मैट मिल्स द्वारा 86वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत एफसी पुणे सिटी ने जमशेदपुर एफसी की किस्मत पलट दी। मिल्स द्वारा मैट स्टैनकोविक के कार्नर किक पर किए गए इस गोल ने पुणे को संजीवनी सरीखी जीत दिलाई। लम्बे समय से 10 टीमों की तालिका में सबसे नीचे दबी पुणे की टीम आखिरकार आठ मैचों से पाच अंकों के साथ तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई। जमशेदपुर की यह इस सीजन की पहली हार है। वह 11 अंकों के साथ अब भी चौथे स्थान पर कायम है। 85वें मिनट तक मैच 1-1 की बराबरी पर चल रहा था और ऐसा लग रहा था कि पुणे की जीत की आस धरी की धरी रह जाएगी लेकिन मिल्स ने स्थानापन्न के तौर पर 74वें मिनट में मैदान पर आए स्टैनकोविक की मदद से गोल करते हुए अपने प्रशसको को इस सीजन में पहली बार मुस्कुराने का मौका दिया।
एक्शन व रोमांच से भरपूर रहा पहला हाफ
इस मैच के पहले हाफ के शुरुआती 20 मिनट एक्शन और रोमाच से भरपूर रहे। जमशेदपुर ने फ्रंट फुट पर शुरुआत की लेकिन पहली सफलता पुणे को मिली। जमशेदपुर ने भी 10वें मिनट में बराबरी कर ली। पहले 25 मिनटों तक दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ खूब हमले बोले लेकिन इसके बाद खेल की रफ्तार कम होती गई।
पुणे को पांचवें मिनट में ही मिली सफलता
सीजन की पहली जीत के लिए तरस रही पुणे की टीम ने पाचवें मिनट में ही धमाका करते हुए खाता खोल दिया था। मेजबान टीम के लिए यह गोल डिएगो कार्लोस ने किया और इसमें मार्सेलिन्हो का एसिस्ट था। तीन मैचों के प्रतिबंध के बाद वापसी कर रहे कार्लोस ने जमशेदपुर के स्टार गोलकीपर सुब्रत पॉल को छकाते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। बराबरी को आतुर जमशेदपुर ने दो बार पुणे के गोलपोस्ट पर जोरदार हमला किया लेकिन पुणे के गोलकीपर कमलजीत सिंह ने दोनों मौकों को बेकार कर दिया।
सुमित पासी ने गोल कर जेएफसी को वापसी दिलाई
बराबरी का गोल करने के लिए हालाकि मेहमान टीम को अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा। 10वें मिनट में सुमित पासी ने कार्लोस काल्वो के एक क्त्रास पर गोल करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।
काल्वो का सटीक पास
पुणे के कई डिफेंडरों को छकाते हुए बॉक्स में अनमार्क्ड खड़े पासी के पास गया, जिस पर पासी ने हेडर के जरिए गोल करते हुए मैच का रोमाच फिर से वापस ला दिया। इसके बाद काफी समय तक दोनों टीमों के बीच गेंद पर नियंत्रण के लिए संघर्ष चलता रहा। 43वें मिनट में मार्सेलिन्हो ने एक अच्छा हमला किया लेकिन मेहमान गोलकीपर सुब्रत सावधान थे। पहले हाफ की समाप्ति 1-1 के स्कोर के साथ हुई।
दूसरे हाफ में पुणे की आक्रामक शुरुआत
दूसरे हाफ में पुणे ने आक्रामक शुरुआत की। 48वें मिनट में मार्सेलिन्हो ने अच्छा मूव बनाते हुए रोबिन सिंह को सही समय पर सटीक पास दिया। रोबिन ने गेंद को पोस्ट में डालना चाहा लेकिन वह क्त्रासबार के ऊपर मार बैठे। इसी तरह 52वें मिनट में आशिक कुरूनियन ने कार्लोस के साथ अच्छा मूव बनाया लेकिन कार्लोस का क्त्रास आशिक से थोड़ा दूर रहा, जिसे मारियो अर्क्वेस ने हेडर के जरिए क्लीयर कर दिया। जवाब में जमशेदपुर के पाब्लो मोरगाडो ने कमलजीत को छकाना चाहा लेकिन वह सावधान थे। 62वें मिनट के बाद दोनों टीमों की ओर से बदलावों का दौर शुरू हुआ।
इसी क्रम में आईएसएल में सबसे अधिक गोल कर चुके इयान ह्यूम अंदर लिए गए। मार्सेलिन्हो ने 67वें मिनट में अकेले दम पर सुब्रत को छकाना चाहा लेकिन वह सफल नहीं हो सके। पुणे ने 74वें मिनट में गोल स्कोरर कार्लोस को बाहर कर स्टैनकोविक को अंदर लिया। मार्को ने आते ही आशुतोष मेहता के लिए एक अच्छा मूव बनाया लेकिन मेहता गेंद पर कंट्रोल नहीं कर सके। 78वें मिनट में काव्लो ने बॉक्स के करीब पहुंचकर तेज शॉट लिया लेकिन वह क्रासबार के ऊपर से चला गया। मेहता को काल्वो को गिराने पर 83वें मिनट में पीला कार्ड मिला। अब खेल ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था लेकिन तभी मिल्स ने मार्को के कार्नर क्त्रॉस पर गोल कर मेजबान टीम को आगे कर दिया। मार्को को इंजुरी टाइम में पीला कार्ड मिला।