सहारा सुंदरवन में करंट की चपेट में आने से झुलसा ठेका मजदूर, गंभीर Jamshedpur News
मानगो के सहारा सुंदरवन फेज वन में गेल की गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान धालभूमगढ़ का रहने वाला ठेका मजदूर सजीम अली करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। मानगो के सहारा सुंदरवन फेज वन में गेल की गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान धालभूमगढ़ के कोकपाड़ा के नरसिंहपुर का रहने वाला ठेका मजदूर सजीम अली करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।
रविवार दोपहर 2 बजे घटी इस घटना में सजीम की हालत बेहद नाजुक है। उसे महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में मजदूर सजीम अली के कपड़ों में आग लगने से वो झुलसा है। अपार्टमेंट के रहने वालों ने आग बुझाई और फौरन ही उसे एमजीएम अस्पताल ले गए। सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की दमकल भी मौके पर पहुंची।
लेकिन, इससे पहले ही लोग आग बुझा चुके थे। एमजीएम अस्पताल में सजीम की हालत गंभीर बनी हुई है। सजीम अली के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए हैं। अपार्टमेंट के निवासी गुलशन शर्मा ने बताया कि दो मजदूर गैस पाइप लाइन का काम कर रहे थे। अचानक उनमें से एक सजीम को करंट लगा और उसके कपड़े में आग लग गई। उन्होंने फौरन उसकी आग बुझाई और अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। घायल के परिजनों ने बताया कि वे लोग अपने स्तर से इलाज करवा रहे है।
समता नगर में किराए पर रहता है सजीम सजीम के सहकर्मी आलेश खान ने बताया कि वे लोग मानगो समतानगर में किराए के मकान में रहते हैं और ठेका मजदूरी करते हैं। सुंदरवन में गेल इंडिया के गैस पाइप बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए दीवार में ड्रिल करना था। सजीम जैसे ही ड्रिल मशीन के तार को प्लग में लगाने गया वैसे ही जंक्शन बॉक्स में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान सजीम को करंट का झटका लगा और उसके कपड़ों में भी आग लग गई।