कार के धक्के से बाइक सवार डिवाइडर से टकराया, मौत
बिष्टुपुर बागे जमशेद के पास गुरुवार दोपहर तीन बजे के करीब स्वीफ्ट
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बिष्टुपुर बागे जमशेद के पास गुरुवार दोपहर तीन बजे के करीब स्वीफ्ट कार के धक्के से बाइक सवार धतकीडीह निवासी 47 वर्षीय जाकिर अख्तर खान अनियंत्रित होकर सड़क की डिवाइडर से टकरा गए। हेलमेट खुलकर सड़क पर फेंका गया। सिर के पीछे गंभीर चोट लग गई। कार चालक वाहन लेकर भाग निकला। डॉक्टर नफीस खान उस ओर से गुजर रहे थे। घायल को टीएमएच पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वे ठेकेदार मैनेजर खान के पोते थे।
जाकिर अख्तर खान सात माह पहले सऊदी से लौटे थे। वापसी के बाद ठेकेदारी कर रहे थे। उनकी दो बेटियां है। हादसे से परिवार में मातम का माहौल है। अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। ईद के लिए कपड़े की खरीददारी कर लौट रहे थे धतकीडीह
ईद को लेकर जाकिर अख्तर खान दो बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए कपड़ा खरीदने साकची बाजार बाइक से आए थे। खरीददारी के बाद घर लौट रहे थे। वहीं बेटियां, पत्नी और परिजन बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन हादसे की सूचना मिली। ईद की तैयारी की खुशी गम में तब्दील हो गई।
स्वीफ्ट कार की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद स्वीफ्ट कार चालक वाहन लेकर भाग निकला। उसकी तलाश को पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगालती रही। बागे जमशेद गोलचक्कर पर पहुंची पुलिस टीम को जानकारी हुई कि वहां जो सीसीटीवी कैमरे लगे थे वे सड़क चौड़करण का कार्य होने के कारण हटा दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीम जुबली पार्क गोलचक्कर के पास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगालने को सीसीआर परिसर गई। दुर्घटना के पांच मिनट के बाद एक सादे रंग की स्वीफ्ट कार को मानगो की ओर जाते देखा गया। शुक्रवार को पुलिस मोतीलाल नेहरू स्कूल के पास लगी सीसीटीवी को खंगालेगी।