ग्रेजुएट में भिड़े अभाविप-एआइडीएसओ, लाठीचार्ज
साकची थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज में अभाविप व एआइडीएसओ में हुई भिडं़त में जीन घायल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : साकची थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फोर वीमेन में बुधवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब दो छात्र संगठनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन में भिडं़त हो गई। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। कॉलेज पहुंची छात्राओं के बीच भगदड़ मच गई। मारपीट में कई छात्रों को चोटें आई। इसी बीच कॉलेज प्रशासन की ओर से दी गई सूचना पर पुलिस पहुंच गई। हालात की नजाकत को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। एआईडीएसओ कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाया है कि अभाविप के कार्यकर्ताओं की ओर से उनपर हमला किया गया। इस घटना में घायल हुए तीन छात्रों को महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया है।
दोनों पक्षों ने थाने में की लिखित शिकायत
मामला शांत होने के बाद दोनों छात्र संगठनों के प्रतिनिधि साकची थाने पहुंचे। बताया जाता है कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ थाने में लिखित तौर पर शिकायत की गई है।
कॉलेजों में महिला अपराध पर नियंत्रण करेगी पुलिस
कॉलेजों में हो रहे महिला अपराध तथा छात्राओं के साथ उत्पीडन को रोकने के लिए पुलिस विभाग की नजर है। इसके नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग की ओर से प्रत्येक कॉलेज की ओर से एक नोडल पदाधिकारी तैनात किए जा रहे हैं। यह बातें कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी कुलदीप द्विवेदी ने जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के बीएड संकाय की ओर से आयोजित नए सत्र के छात्रों के स्वागत व पुराने छात्रों के विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नियुक्त नोडल पदाधिकारी महिला अधिकारी होगी। यह अधिकारी कॉलेज पहुंचकर छात्राओं व महिला शिक्षिकाओं से वार्ता करेंगी। छात्राओं से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से संचालित शक्ति एप के बारे में जानकारी देने के लिए पूर्वी सिंहभूम के पुलिस प्रशासन की ओर से हर महाविद्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। युवाओं को सफलता के मंत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं पर जल्द परिणाम देने का सामाजिक व पारिवारिक दबाव होता है। ऐसी बातों पर अमल करने की बजाये युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिये। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता में बस एक कदम की दूरी होती है। मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सफलता तक पहुंचा जा सकता है।