Jharkhand, Jamshedpur Coronavirus Update : फिर तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, एमजीएम अस्पताल के एक डॉक्टर समेत पूरा परिवार पॉजिटिव
Jamshedpur Coronavirus Update. महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक सीनियर चिकित्सक व उनके पूरे परिवार कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें डॉक्टर दंपती को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जमशेदपुर, जासं। Jamshedpur Coronavirus Update सावधान, जमशेदपुर शहर में कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक सीनियर चिकित्सक व उनके पूरे परिवार कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें डॉक्टर दंपती को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो लोग होम क्वारंटाइन हैं।
इधर, एमजीएम अस्पताल में भी डॉक्टर के संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया जा रहा है। कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को दो हजार 489 लोगों की जांच की गई। इसमें 24 पॉजिटिव मिले। इसमें 23 शहरी क्षेत्र व एक मुसाबनी प्रखंड के रहनेवाले हैं। वहीं, विभिन्न प्रखंडों से कुल दो हजार 98 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना है। इसके साथ ही विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कुल 13 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक 18 हजार 430 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 17 हजार 950 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, 375 लोगों की मौत हो चुकी है।
दो हजार से अधिक लोगों ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज
पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को दो हजार 158 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, एक हजार 201 लोगों ने दूसरी डोज ली। सबसे अधिक टाटा मुख्य अस्पताल में कुल 881 लोगों ने वैक्सीन ली। जिले में अभी तक कुल 22 हजार 592 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। वहीं, 11 हजार 790 लोगों ने दूसरी डोज ली है।