Jharkhand: कोल्हान के पोड़ाहाट जंगल में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, चार दिन पूर्व मारी गई थी तीन महिला नक्सली
Encounter. कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की खबर है। दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई।
जमशेदपुर, जेएनएन। Encounter झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की खबर है। दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई। चाईबासा पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनुवा थाना इलाके के जंगल में नक्सलियों ने डेरा डाल रखा है।
सूचना के बाद जिला पुलिस और सीआरपीएफ की 60 वीं बटालियन के जवानों ने तंगल की घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचने की आहट मिलते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली भाग खड़े हुए। पुलिस मुठभेड़ के बाद पोड़ाहाट जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
चिरुंग में मारी गई तीन महिला नक्सलियों में दो की हुई पहचान
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र के चिरुंग के रेड़ा टोला में 4 अप्रैल को नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान तीन महिला नक्सली मारी गई थी। इसमें दो महिला नक्सलियों की पहचान बुधवार को यानी 8 अप्रैल को हुई। एक नक्सली की पहचान गोइलकेरा थाना क्षेत्र के आराहास पंचायत के कांसुआ गांव की सोना माही उर्फ सोना माई के रूप की गई वही दूसरी महिला नक्सली की पहचान गुवा थाना क्षेत्र के लापुंग गांव निवासी सुनिका चम्पिया उर्फ सुबनी पिता चुन्नू चम्पिया के रूप में की गई। सुनिका के शव को सुनिका के पिता चुन्नू चम्पिया व उसकी माता सीता कुई को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल से सौंप दिया गया। तीसरी मृत महिला नक्सली की पहचान अबतक नहीं हो पायी है। पुलिस उसकी शिनाख्त को लेकर प्रयासरत्त है।
रेड़ा में चल रहा था नक्सलियों का कैंप
ज्ञात हो कि 4 अप्रैल की सुबह में गुदड़ी थाना क्षेत्र के चिरुंग गांव कापहाड़ी के तराई में बसा रेड़ा टोला में जिला पुलिस बल एवं सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान में घटनास्थल से रायफल, भराठी बन्दूक, जिंदा कारतूस, खोखा, कार्बाइन की मैगजीन, तीर बम, वाकि-टाकी, रेडियो, काले रंग की फ्लैश लाईट, बैनर, वोल्टमीटर, नक्सली साहित्य एवं अन्य सामान सहित तीन महिला नक्सली का शव मिला था। रेड़ा में नक्सलियों का अस्थायी कैम्प भी मिला था। उस दिन पुलिस व सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों को किसी तरह के नुकसान से बचाते हुए नक्सलियों से लगभग एक घंटे तक मुकाबला किया था। बाद में नक्सलियों को भागने पर मजबूर होना पड़ा था। इस बीच नक्सली सुरेश मुंडा व जीवन कंडुलना के दस्ते की तीन महिला नक्सली सुरक्षा बल के जवानों की गोली से मुठभेड़ में मामारी गई थी।