Chain snatching : 'मौसी' कहकर रोक ली राह, फिर गले से झपटी सोने की चेन; नीमडीह में महिला बनी शिकार
नीमडीह के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को 'मौसी' कहकर बातों में उलझाकर सोने की चेन छीन ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
बदमाशों ने 'मौसी' कहकर महिला को बातों में उलझाया।
छीना-झपटी में सोने की चेन का आधा हिस्सा बचा।
संवाद सहयोगी, नीमडीह। नीमडीह थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह पंचायत अंतर्गत बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार सुबह करीब पौने 11 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया।
बदमाशों ने वृद्धा को ‘मौसी’ कहकर बातों के जाल में उलझाया और अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। हालांकि, छीना-झपटी के दौरान चेन का एक हिस्सा टूटकर महिला के हाथ में ही रह गया, जिससे उनकी आधी संपत्ति बच गई।
पीड़िता बावली सेन के अनुसार, वे रास्ते से गुजर रही थीं तभी नंद के घर की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और तालाब के पास रुक गए।
दोनों ने बहुत ही आत्मीयता से उन्हें ‘मौसी’ कहकर बात शुरू की। जैसे ही वे बातचीत में उलझीं, एक युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन खींच ली।
महिला ने बहादुरी से विरोध किया, जिससे चेन बीच से टूट गई और उसका आधा हिस्सा उनके हाथ में रह गया।
बावली सेन ने बताया कि उन्होंने यह सोने की चेन वर्ष 2021 में लगभग 66 हजार रुपये में खरीदी थी। घटना के तुरंत बाद महिला के जोर-जोर से शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए।
इसके बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़े। लेकिन दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से राष्ट्रीय राजमार्ग-18 न्यू बायपास की ओर भागने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ और एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पहचान के लिए मुख्य मार्गों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाने को देने की अपील की है।
