विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाना खाते वक्त आया दिल का दौरा: डुमरिया सीएचसी के कर्मी दीपंकर सिंह की मौत से पसरा मातम

Published: Tue, 11 Aug 2026 09:42 PM (IST)

डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मी दीपंकर सिंह का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो ...और पढ़ें

स्वास्थ्य कर्मी दीपंकर सिंह का फाइल फोटो।

स्वास्थ्य कर्मी दीपंकर सिंह का फाइल फोटो।

HighLights

  1. सामान शिफ्टिंग के बाद खाना खाते समय आया दिल का दौरा।

  2. जमशेदपुर टाटा मुख्य अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।

संसू, डुमरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) डुमरिया में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी दीपंकर सिंह (42 वर्ष) की मंगलवार को ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से असामयिक मौत हो गई। 
 
इस दुखद घटना से अस्पताल परिसर में मातम पसर गया और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, इन दिनों डुमरिया सीएचसी को पुराने भवन से नए भवन में स्थानांतरित करने का काम चल रहा था। 
 
दीपंकर सिंह भी अस्पताल के सामानों को नए भवन में व्यवस्थित करने में पूरी निष्ठा से जुटे थे। मंगलवार दोपहर नए भवन में सामान रखवाने के बाद वे पारुलिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौटे और कोल्ड चेन रूम में खाना खाने लगे। 
 
इसी दौरान अचानक उन्हें गंभीर हृदयाघात हुआ और वे वहीं बेसुध होकर गिर पड़े। घटना की भनक लगते ही डॉ. विश्वनाथ मरांडी ने अन्य कर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा। 
 
हालांकि, टीएमएच में डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाते ही सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी भी अस्पताल पहुंचे।
 
दीपंकर सिंह डुमरिया सीएचसी में कोल्ड चेन रूम में वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव का महत्वपूर्ण जिम्मा संभालते थे। वे मूल रूप से चाकुलिया प्रखंड के निवासी थे और अपनी पत्नी के साथ मुसाबनी में किराये के मकान में रहकर सेवा दे रहे थे। 
 
उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक 10 वर्षीय बेटा है, जो बहरागोड़ा के डीएवी (DAV) स्कूल में पढ़ता है। निष्ठावान स्वास्थ्य कर्मी की अचानक मौत से स्वजनों और सहयोगियों का रो-रोकर बुरा हाल है।